राज्य आपदा निधि के तहत विभिन्न प्रस्तावों को मंजूरी

WhatsApp Channel Join Now
राज्य आपदा निधि के तहत विभिन्न प्रस्तावों को मंजूरी


देहरादून, 25 मार्च, (हि.स.)। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में बुधवार को सचिवालय में राज्य आपदा मोचन निधि (एसडीआरएफ) एवं राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि के अंतर्गत प्राप्त प्रस्तावों के अनुमोदन के लिए राज्य कार्यकारिणी समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में राज्य आपदा मोचन निधि के तहत 34 करोड़ की वित्तीय स्वीकृतियों को कार्योत्तर अनुमोदन किया गया।

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि प्रस्ताव जनपद स्तरीय समिति की सिफारिश के बाद जिलाधिकारी के माध्यम से ही समिति के समक्ष प्रस्तुत किए जाएं। उन्होंने सिंचाई विभाग को नदियों की ड्रेजिंग,माइनिंग के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) शीघ्र जारी करने को कहा। साथ ही, बाढ़ सुरक्षा से जुड़े प्रस्तावों को विभागीय समिति द्वारा तकनीकी परीक्षण (टीएसी) के उपरांत राज्य कार्यकारिणी समिति के समक्ष लाने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि जिन नदियों में प्रतिवर्ष कटान की समस्या के कारण कार्य कराना पड़ता है, उन्हें चिन्हित कर उनके चैनलाइजेशन की योजना तैयार की जाए। सितारगंज क्षेत्र में बैगुल नदी के संबंध में विस्तृत अध्ययन कराने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में विभिन्न जनपदों में भूस्खलन नियंत्रण,बाढ़ सुरक्षा एवं ड्रेनेज से जुड़े अनेक कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई। इनमें नैनीताल,पिथौरागढ़, हरिद्वार,अल्मोड़ा,उत्तरकाशी और देहरादून जनपदों के तहत कई परियोजनाएं शामिल हैं। जिनमें सुरक्षा दीवार निर्माण, जल निकासी सुधार और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षात्मक कार्य प्रमुख हैं।

इसके अतिरिक्त,राज्य आपदा मोचन निधि के अंतर्गत विभिन्न मदों में अतिरिक्त धनराशि आवंटन से संबंधित प्रस्तावों के सापेक्ष कुल 34 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृतियों को कार्योत्तर अनुमोदन भी प्रदान किया गया।

बैठक में सचिव डॉ.पंकज कुमार पाण्डेय,विनोद कुमार सुमन सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story