शिक्षा निदेशक से मारपीट के मामले में चार गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
शिक्षा निदेशक से मारपीट के मामले में चार गिरफ्तार


देहरादून, 23 फ़रवरी (हि.स.)। प्राथमिक शिक्षा निदेशालय उत्तराखण्ड के निदेशक कार्यालय में विधायक रायपुर उमेश शर्मा काउ की मौजूदगी में उनके समर्थकों के मारपीट करने और आफिस में तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने चार लाेगाें को गिरफ्तार किया है। इनमें एक एक हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है।

पुलिस ने एक बयान जारी कर बताया कि निदेशक प्राथमिक शिक्षा अजय कुमार नौडियाल ने 21 फरवरी को तहरीर देकर बताया कि रायपुर विधायक उमेश काउ अपने समर्थकों के साथ प्राथमिक शिक्षा निदेशालय पहुंचे। विधायक की उपस्थिति में वार्ता के दौरान ही उनके साथ मारपीट की गई। निदेशक कार्यालय में अराजकता फैलाते हुए कार्यालय में रखी कुर्सियां व अन्य सामान की तोड़फोड़ की गई। घटना में कार्यालय में मौजूद कुछ लोगों को चोटें आई।

तहरीर व मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने लोक सेवक के कार्यों में बाधा डालने, मारपीट, बलवा, सरकारी सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाने, जान से मारने की धमकी देने, गाली गलौज कर अपमानित करने आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही प्रकरण में ही विधायक उमेश शर्मा काउ की सुरक्षा में तैनात कांस्टेबल सुशील रमोला ने भी तहरीर दी है। पुलिस ने उसकी भी एफआईआर दर्ज कर ली।

इस मामले में पुलिस ने विधायक के साथ मौजूद अरविन्द पुण्डीर दूउर्फ कल्ली पुत्र स्व० मगन सिंह पुण्डीर निवासी नूनरखेडा, थाना रायपुर, देहरादून, लक्ष्मण नवानी पुत्र स्व भुवनेश्वर प्रसाद निवासी शिवलोक कालोनी, लाडपुर, थाना रायपुर, देहरादून राकेश थपलियाल पुत्र स्व आरपी थपलियाल निवासी तपोवन रोड, लाडपुर, थाना रायपुर, देहरादून और अक्षय राणा पुत्र संग्राम सिंह राणा निवासी सौंधोवाली, थाना रायपुर, देहरादून को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Share this story