डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ की हड़ताल स्थगित, सब-कमेटी गठन का लिया निर्णय

WhatsApp Channel Join Now
डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ की हड़ताल स्थगित, सब-कमेटी गठन का लिया निर्णय


देहरादून, 10 अप्रैल (हि.स.)। राज्य में डिप्लोमा इंजीनियर्स की विभिन्न मांगों को लेकर सरकार और महासंघ के बीच हुई महत्वपूर्ण वार्ता के बाद महासंघ ने हड़ताल स्थगित करने का बड़ा निर्णय लिया गया है। सरकार ने मांगों के समाधान के लिए सब-कमेटी गठित करने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के पदाधिकारियों ने भेंट कर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विस्तृत चर्चा की। महासंघ के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष 27 सूत्रीय मांगपत्र प्रस्तुत किया,जिसमें पदोन्नति, वेतनमान और पुरानी पेंशन व्यवस्था से जुड़े मुद्दे प्रमुख रहे। मुख्यमंत्री ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि राज्य सरकार उनके प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण रखती है और प्रत्येक बिंदु का समुचित परीक्षण किया जाएगा। वार्ता के पश्चात महासंघ ने राज्यहित में बड़ा निर्णय लेते हुए 23 मार्च, 2026 से चल रही अनिश्चितकालीन हड़ताल को स्थगित करने की घोषणा की।

महासंघ के प्रांतीय अध्यक्ष इं. आर.सी. शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा सकारात्मक आश्वासन दिए जाने के बाद हड़ताल को राज्यहित में स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि संगठन की मांगों पर आगे भी सकारात्मक कार्यवाही की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मांगों के समाधान के लिए एक सब-कमेटी का गठन किया जाएगा, जो सभी बिंदुओं का गहन अध्ययन कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार संवाद और समन्वय के माध्यम से समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने यह भी कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों को सुचारू बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने इंजीनियर्स महासंघ से सहयोगात्मक रुख अपनाने और वार्ता प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

बैठक में सचिव शैलेश बगौली, दिलीप जावलकर, पंकज कुमार पांडे सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story