दिल्ली पब्लिक स्कूल हल्द्वानी में मॉडल यूनाइटेड नेशंस का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली पब्लिक स्कूल हल्द्वानी में मॉडल यूनाइटेड नेशंस का शुभारंभ


हल्द्वानी , 27 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली पब्लिक स्कूल हल्द्वानी में अस्पिरेट्स लर्निंग के सहयोग से दो दिवसीय मॉडल यूनाइटेड नेशंस का भव्य आयोजन किया जा रहा है। आयोजन के प्रथम दिन विद्यार्थियों में अंतरराष्ट्रीय मुद्दों, कूटनीति, नेतृत्व क्षमता एवं तार्किक विचार-विमर्श के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिला। इस आयोजन में 145 से अधिक विद्यार्थी प्रतिभाग कर रहे हैं तथा कुल आठ समितियों के माध्यम से विभिन्न समसामयिकव वैश्विक विषयों पर चर्चा और परिचर्चा की जा रही है।

कार्यक्रम का शुभारंभ ज्ञान एवं विद्या की देवी माँ सरस्वती की वंदना तथा विद्यालय की कॉयर टीम द्वारा प्रस्तुत मधुर सामूहिक गायन के साथ हुआ। इसने पूरे वातावरण को सकारात्मक एवं उत्साहपूर्ण बना दिया।

इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या सुश्री रंजना शाही तथा अस्पिरेट्स लर्निंग के संस्थापक श्री प्रियंशु ग्रोवर एवं श्री आदर्श ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पूरे आत्मविश्वास, निष्पक्षता एवं सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया तथा आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।

दो दिवसीय इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को वैश्विक समस्याओं को समझने, विभिन्न देशों का प्रतिनिधित्व करने, अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने तथा कूटनीतिक संवाद एवं निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने का अवसर मिल रहा है।

विद्यालय प्रशासन के अनुसार, इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व, शोध, संवाद कौशल, आलोचनात्मक चिंतन एवं वैश्विक नागरिकता की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आयोजन का प्रथम दिन उत्साह, ऊर्जा एवं बौद्धिक संवाद के साथ संपन्न हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784101 Articles

Share this story