रुड़की क्षेत्र में मगरमच्छ ने 12 साल के बच्चे को बनाया निवाला

WhatsApp Channel Join Now
रुड़की क्षेत्र में मगरमच्छ ने 12 साल के बच्चे को बनाया निवाला


हरिद्वार, 01 मई (हि.स.)। हरिद्वार जिले के बुग्गावाला थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 12 वर्षीय मासूम बच्चे को मगरमच्छ ने हमला कर अपना शिकार बना लिया। इस भयावह हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बंजारेवाला गांव निवासी रामकुमार का 12 वर्षीय बेटा राम रहीम शुक्रवार को स्टोन क्रशर के पास खेल रहा था। इसी दौरान अचानक पानी से निकले मगरमच्छ ने बच्चे पर हमला कर दिया और उसे खींचकर ले गया। घटना इतनी अचानक और भयावह थी कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बच्चे को बचाने की कोशिश की गई, लेकिन मगरमच्छ उसे गहरे पानी में ले जाने में सफल रहा। इस मंजर को देख गांव में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही बुग्गावाला थाना प्रभारी निरीक्षक अंकुर शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत और स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे के शव को बरामद किया गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

इस हृदयविदारक घटना के बाद से मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक और भय का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित हैं।

थाना प्रभारी अंकुर शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि बच्चा जलभराव क्षेत्र के पास खेल रहा था, जहां मगरमच्छ की मौजूदगी की आशंका रहती है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि वे बच्चों को ऐसे संवेदनशील स्थानों से दूर रखें।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story