धनतेरस पर धनवंतरी जयंती की धूम, बाजारों में उमड़ी खरीदारों की भीड़
हरिद्वार, 06 नवंबर (हि.स.)। धनतेरस के अवसर पर शुक्रवार को भगवान धनवंतरी की जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। आयुर्वेदिक चिकित्सालयों और संस्थानों में आयुर्वेदिक चिकित्सकों ने विधि-विधान से भगवान धनवंतरी का पूजन कर सुख-समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। घरों में भी लोगों ने पूजा-अर्चना कर परिवार के आरोग्य और खुशहाली के लिए प्रार्थना की। शाम को दीपदान कर लोगों ने समृद्धि की कामना की।
धनवंतरी जयंती पर शहर में धार्मिक और उत्सवी माहौल रहा। चिकित्सकों ने भगवान धनवंतरी को आयुर्वेद का जनक और चिकित्सा विज्ञान का आराध्य देव बताते हुए विशेष पूजा-अर्चना की। मंत्रोच्चार के साथ आरती हुई और प्रसाद वितरित किया गया। चिकित्सकों ने सभी के स्वस्थ और निरोगी जीवन की कामना की।
दूसरी ओर धनतेरस को लेकर बाजारों में सुबह से ही रौनक रही। बर्तन, आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक सामान, सजावटी वस्तुएं और दीपावली पूजन सामग्री की दुकानों पर खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी। लोगों ने शुभ मुहूर्त में परंपरा के अनुसार खरीदारी की। देर शाम तक बाजारों में चहल-पहल बनी रही, जिससे दुकानदार भी उत्साहित नजर आए।
बड़ी संख्या में लोगों के बाजार पहुंचने से प्रमुख बाजारों और मार्गों पर कई बार जाम की स्थिति बनी। ज्वालापुर और कनखल के बाजारों में भारी जाम रहा। यातायात का दबाव बढ़ने से वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी हुई। हालांकि पुलिस प्रशासन ने यातायात और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिसकर्मी तैनात रहे, जिससे व्यवस्था बनी रही।
कुल मिलाकर धनतेरस और धनवंतरी जयंती पर शहर में पूरे दिन उत्सव का माहौल रहा। एक ओर मंदिरों और घरों में पूजा हुई, तो दूसरी ओर बाजारों में खरीदारी का उत्साह देखने को मिला।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

