धन सिंह रावत भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित

WhatsApp Channel Join Now
धन सिंह रावत भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित


नॉर्दर्न रीजन से मिली जिम्मेदारी, राष्ट्रीय स्तर पर पहली बार उत्तराखंड को मिला नेतृत्व का अवसर

देहरादून, 03 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री एवं भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के प्रादेशिक अध्यक्ष धन सिंह रावत राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। नॉर्दर्न रीजन से उन्हें यह जिम्मेदारी मिली है। राष्ट्रीय स्तर पर पहली बार उत्तराखंड को इस पद पर नेतृत्व का अवसर मिला है।

भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के नॉर्दर्न रीजन में उत्तराखंड,उत्तर प्रदेश,दिल्ली,हरियाणा,हिमाचल प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़ और जम्मू-कश्मीर के साथ केंद्रीय विद्यालय संगठन,नवोदय विद्यालय समिति तथा उत्तर रेलवे,उत्तर मध्य रेलवे और पूर्वोत्तर रेलवे का प्रतिनिधित्व शामिल है।

रावत के निर्वाचन को उत्तराखंड में स्काउट-गाइड आंदोलन के विस्तार और संगठनात्मक गतिविधियों में उनकी भूमिका से जोड़कर देखा जा रहा है। प्रादेशिक अध्यक्ष के रूप में उन्होंने सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में स्काउट-गाइड गतिविधियों के विस्तार, नई इकाइयों की स्थापना और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया है।

स्काउट-गाइड के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदार नागरिकता विकसित करने के प्रयासों के लिए रावत को संगठन के सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान 'सिल्वर एलीफेंट अवार्ड' से भी सम्मानित किया जा चुका है।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष निर्वाचित होने पर रावत ने इसे गौरव और जिम्मेदारी का विषय बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि उत्तराखंड के स्काउट-गाइड परिवार और प्रदेशवासियों को समर्पित है। स्काउटिंग युवाओं में अनुशासन, एकता, सेवा भावना और देशभक्ति विकसित करने का सशक्त मंच है। उन्होंने संगठन की गतिविधियों का विस्तार करने और इसे अधिक प्रभावी बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने की बात कही।

-------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771943 Articles

Share this story