उत्तराखंड में तीन नए जिला सहकारी बैंक और 50 शाखाएं खोलने की तैयारी

WhatsApp Channel Join Now

देहरादून, 02 मई (हि.स.)। उत्तराखंड सरकार ने सहकारिता क्षेत्र के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए व्यापक योजना तैयार करने के संकेत दिए हैं। इसके तहत राज्य में तीन नए जिला सहकारी बैंक स्थापित करने और 50 नई शाखाएं खोलने का प्रस्ताव तैयार कर भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) को भेजा जाएगा।

सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शनिवार को विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को बागेश्वर, चंपावत और रुद्रप्रयाग में नए जिला सहकारी बैंकों की स्थापना के लिए प्रस्ताव शीघ्र भेजने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों तक बैंकिंग सेवाओं की पहुंच बढ़ाना है।

राज्यभर में 50 नई सहकारी बैंक शाखाएं खोलने के साथ ही मौजूदा शाखाओं के विस्तार और सेवा गुणवत्ता में सुधार पर भी जोर दिया गया। मंत्री ने कहा कि बैंकिंग सेवाओं को अधिक प्रभावी और जनसुलभ बनाया जाएगा।

बैठक में जिला सहकारी बैंकों के पिछले दो वर्षों के प्रदर्शन की समीक्षा की गई। अपेक्षित लक्ष्यों की पूर्ति नहीं होने पर मंत्री ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को कार्यप्रणाली को परिणामोन्मुखी बनाने और तय लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही प्राथमिक कृषि ऋण समितियों के कंप्यूटरीकरण को शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया गया, ताकि पारदर्शिता और कार्यकुशलता बढ़ाई जा सके।

मंत्री ने विभागीय कार्यप्रणाली को मजबूत करने के लिए कर्मचारियों के वार्षिक स्थानांतरण और पदोन्नति प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सहकारिता क्षेत्र राज्य की ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और सरकार इसे सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और सहकारिता आंदोलन को व्यापक स्तर पर विस्तार देने पर बल दिया। -------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story