जनजातीय समागम में मुख्यमंत्री की घोषणाएं, सीमांत समुदायों को बताया देश की सीमा का प्रहरी
चमोली, 21 फरवरी (हि.स.)। जनजाति समुदाय के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में रहने वाले लोग देश की सीमा के सजग प्रहरी हैं।
मुख्यमंत्री शनिवार को जनपद चमोली के बिरही (बेडूबगड़) में नीति-माणा जनजाति कल्याण समिति द्वारा आयोजित तीन दिवसीय जनजाति समागम 2026 के समापन कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नीति घाटी भोटिया जनजाति के शीतकालीन प्रवास एवं भूमि संबंधी मामलों के निस्तारण, बेडूबगड़ भोटिया पड़ाव में सामुदायिक भवन निर्माण, स्व. गौरा देवी की प्रतिमा एवं पार्क स्थापना, बैरासकुंड मंदिर के सौंदर्यीकरण तथा बेडूबगड़ पड़ाव की भूमि को सुरक्षित करने संबंधी घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन जनजातीय परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के उत्थान के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान और एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों जैसी योजनाओं से शिक्षा और आजीविका के नए अवसर सृजित हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 128 जनजातीय गांवों को चिन्हित कर वहां बुनियादी सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। राज्य में 16 राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय संचालित हैं तथा कालसी, मेहरावना, बाजपुर और खटीमा में एकलव्य विद्यालयों के माध्यम से निशुल्क शिक्षा एवं आवास की सुविधा दी जा रही है।
धामी ने कहा कि जनजातीय समुदाय की बेटियों के विवाह के लिए 50 हजार रुपये की सहायता, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निशुल्क कोचिंग और छात्रवृत्ति तथा तकनीकी शिक्षा से जोड़ने के लिए आईटीआई संस्थानों का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि चमोली जनपद में 800 से अधिक होम स्टे संचालित हैं, जिनसे चार हजार से अधिक स्थानीय लोग स्वरोजगार से जुड़े हैं। जनजातीय संस्कृति, साहसिक और धार्मिक पर्यटन के माध्यम से स्थानीय युवाओं को अपने गांव में ही रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाना जनजातीय समाज के सम्मान का प्रतीक है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

