राहुल गांधी ने संसद की गरिमा और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का अपमान किया : धामी

WhatsApp Channel Join Now
राहुल गांधी ने संसद की गरिमा और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का अपमान किया : धामी


राहुल गांधी ने संसद की गरिमा और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का अपमान किया : धामी


देहरादून, 29 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संसद में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के वक्तव्य पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि करोड़ों युवाओं के भविष्य से जुड़े नकल विरोधी कानून जैसे गंभीर विषय पर सार्थक चर्चा के बजाय राहुल गांधी ने अपनी भाषा और आचरण से लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन किया है।

मुख्यमंत्री ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि संसद लोकतंत्र का सर्वोच्च मंच है,जहां विचारों का आदान-प्रदान तथ्यों,तर्क और गरिमा के साथ होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सदन में अपमानजनक शब्दों का प्रयोग और देश के नागरिकों के लिए अनुचित टिप्पणियां संसदीय परंपराओं के अनुरूप नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि विपक्ष की भूमिका सरकार से सवाल पूछने और रचनात्मक सुझाव देने की होती है। व्यक्तिगत टिप्पणियां,कटाक्ष और अभद्र भाषा किसी जिम्मेदार जनप्रतिनिधि की पहचान नहीं हो सकती। लोकतंत्र में स्वस्थ बहस की परंपरा बनाए रखना सभी जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से लाया गया सख्त नकल विरोधी कानून युवाओं के भविष्य की सुरक्षा और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। ऐसे विषय पर गंभीर चर्चा के बजाय अन्य मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करना दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि देश की जनता लोकतांत्रिक मर्यादाओं का सम्मान करने और उनका उल्लंघन करने वालों के बीच अंतर समझती है। लोकतंत्र में अंतिम निर्णय जनता का होता है और वही समय आने पर अपना निर्णय व्यक्त करती है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story