उत्तराखंड को आध्यात्मिक के साथ आर्थिक शक्ति का केंद्र बनाना लक्ष्य: धामी

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड को आध्यात्मिक के साथ आर्थिक शक्ति का केंद्र बनाना लक्ष्य: धामी


-प्रदेश में 29 हजार से अधिक नई एमएसएमई इकाइयां स्थापित, 1.27 लाख युवाओं को मिला रोजगार

देहरादून, 16 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को कहा कि उत्तराखंड को आध्यात्मिक शक्ति के साथ आर्थिक शक्ति का भी बड़ा केंद्र बनाना राज्य सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने उद्योग जगत से प्रदेश में निवेश और नए उद्योग स्थापित करने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार उद्योगों के लिए नियामक नहीं, बल्कि सहयोगी और सारथी बनकर उद्यमियों के साथ खड़ी रहेगी।

मुख्यमंत्री धामी ने ये बातें सोमवार को मसूरी के एक होटल में इंजीनियरिंग एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (ईईपीसी) इंडिया की ओर से आयोजित 56वें उत्तरी क्षेत्रीय निर्यात उत्कृष्टता पुरस्कार समारोह को संबोधित करते कही। इस दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उद्यमियों और निर्यातकों को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में पिछले कुछ वर्षों में 29 हजार से अधिक नई सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) इकाइयां स्थापित हुई हैं, जिनसे 1.27 लाख से अधिक युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है। प्रदेश से निर्यात का आंकड़ा भी वर्ष 2017-18 के 10 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर वर्ष 2025-26 में 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो गया है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड प्राकृतिक सुंदरता और आध्यात्मिक महत्व के साथ उद्योग, विनिर्माण, निवेश और निर्यात के क्षेत्र में भी व्यापक संभावनाएं रखता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य औद्योगिक विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2023 में देहरादून में आयोजित वैश्विक निवेशक सम्मेलन के बाद निवेश प्रस्तावों का सकारात्मक असर धरातल पर दिखाई देने लगा है और नए उद्योग स्थापित होने से रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए कनेक्टिविटी का विस्तार किया जा रहा है। दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और चारधाम ऑल वेदर रोड जैसी परियोजनाओं से आवागमन और माल परिवहन की सुविधाएं बेहतर हो रही हैं। इससे निवेशकों और निर्यातकों को लाभ मिलेगा।

उन्होंने बताया कि ऊधमसिंह नगर के खुरपिया में करीब एक हजार एकड़ भूमि पर 1,100 करोड़ रुपये की लागत से इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर विकसित किया जा रहा है। इससे सात हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आने और करीब 25 हजार युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है। इसके अलावा चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में औद्योगिक पार्क विकसित करने के लिए भूमि चिह्नित की गई है। हरिद्वार में फ्लैटेड फैक्टरी विकसित की जा रही है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए मेगा इंडस्ट्रियल एंड इन्वेस्टमेंट पॉलिसी, एमएसएमई नीति और स्टार्टअप नीति लागू की हैं। युवाओं को उद्यमी बनाने के उद्देश्य से 200 करोड़ रुपये का वेंचर फंड भी स्थापित किया गया है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के तहत सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से 26 विभागों की 206 से अधिक ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। पिछले तीन वर्षों में इस व्यवस्था के माध्यम से करीब सात हजार परियोजनाओं को 70 हजार करोड़ रुपये से अधिक के पूंजी निवेश की स्वीकृति दी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने के लिए एक जनपद-दो उत्पाद योजना संचालित कर रही है। इसी क्रम में शुरू किए गए हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड से वर्ष 2030 तक पांच लाख ग्रामीण परिवारों को जोड़ने का लक्ष्य है। यह ब्रांड अब तक छह करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार कर चुका है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में फार्मा, हर्बल, आयुष, इंजीनियरिंग और ऑटो-कंपोनेंट जैसे उद्योग तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर औद्योगिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र बनकर उभरे हैं। नीति आयोग के एक्सपोर्ट प्रिपेयर्डनेस इंडेक्स-2024 में उत्तराखंड ने हिमालयी एवं पर्वतीय राज्यों की श्रेणी में देश में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं, बिजनेस रिफॉर्म एक्शन प्लान में राज्य को टॉप अचीवर्स श्रेणी में स्थान मिला है।

मुख्यमंत्री धामी ने उद्योग जगत से फरवरी 2027 में आयोजित होने वाले भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो और अगस्त 2027 में प्रस्तावित फार्मा मैक-टेक एक्सपो में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों से प्रदेश के उद्यमियों को अपने उत्पादों और तकनीकी क्षमताओं को वैश्विक बाजार में प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

इस अवसर पर ईईपीसी इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज चड्ढा, सचिव विनय शंकर पांडेय सहित विभिन्न औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधि, उद्यमी और निर्यातक उपस्थित रहे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778227 Articles

Share this story