कांग्रेस विधायक ने की धामी की प्रशंसा

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस विधायक ने की धामी की प्रशंसा


गोपेश्वर, 15 जुलाई (हि.स.)। चमोली जिले के गोपेश्वर में आयोजित 'जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' कार्यक्रम के दौरान बदरीनाथ से कांग्रेस के विधायक लखपत बुटोला ने सार्वजनिक मंच से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की विकास कार्यों को लेकर सराहना की।

कांग्रेस विधायक बुटोला ने कहा कि अक्सर विपक्ष के विधायकों के साथ भेदभाव किए जाने की बात कही जाती है, लेकिन उनकी विधानसभा में सबसे अधिक विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री धामी का आभार भी व्यक्त किया। बुटोला का यह बयान ऐसे समय आया है, जब प्रदेश में विकास कार्यों को लेकर सत्ता और विपक्ष के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं। ऐसे में सार्वजनिक मंच से मुख्यमंत्री की प्रशंसा को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। सुबह से ही आसपास के क्षेत्रों से लोग गोपेश्वर पुलिस मैदान पहुंचने लगे थे। मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान कार्यक्रम स्थल पर लोगों की अच्छी-खासी उपस्थिति रही।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने चमोली जिले के लिए 155.36 करोड़ रुपये की 63 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 113.99 करोड़ रुपये की 36 योजनाओं का शिलान्यास तथा 41.37 करोड़ रुपये की 27 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। योजनाएं सड़क, पुल, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा, पर्यटन और खेल क्षेत्रों से संबंधित हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल

Share this story