दधीचि देहदान समिति ने पंचम स्थापना दिवस पर दानदाताओं के परिजनों को किया सम्मानित
देहरादून, 01 मार्च (हि.स.)। नेत्रदान, अंगदान एवं देहदान के क्षेत्र में चार वर्ष से काम कर रही दधीचि देहदान समिति ने अपना पंचम स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर समिति ने नेत्रदान, अंगदान एवं देहदान करने वालों केपरिजनों को सम्मानित भी किया।
रविवार को आयोजित कार्यक्रम में पूर्व राज्यपाल महाराष्ट्र भगत सिंह कोश्यारी ने दानदाताओं के परिजनों को सम्मानित करते हुए उनके निर्णय की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह कार्य मानवता के लिए अत्यंत प्रेरणादायक है और किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का संकल्प है। ऐसे पुण्य कार्य समाज में संवेदनशीलता और परोपकार की भावना को सुदृढ़ करते हैं।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य अशोक बेरी ने कहा कि नेत्रदान, अंगदान और देहदान के प्रति जनजागरूकता लगातार बढ़ रही है तथा अधिक से अधिक लोगों को मानवता की सेवा में आगे आना चाहिए। टपकेश्वर महादेव मंदिर के महंत 108 कृष्णगिरी महाराज ने समिति के कार्यों की प्रशंसा करते हुए इसे समाज में जागरूकता फैलाने वाली महत्वपूर्ण संस्था बताया।
कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. आशुतोष सयाना ने कहा कि समिति दानदाता और मेडिकल कॉलेज के बीच सेतु का कार्य कर रही है। कार्यक्रम में विभिन्न चिकित्सक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। संचालन संजय गर्ग ने किया। इस अवसर पर समिति की वार्षिक पत्रिका का विमोचन भी किया गया और सेवा भारती के स्वयंसेवकों ने व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाली।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

