स्वास्थ्य महानिदेशक के कड़े निर्देश, विभागीय कार्यों में समयबद्धता और जवाबदेही सुनिश्चित करें अधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
स्वास्थ्य महानिदेशक के कड़े निर्देश, विभागीय कार्यों में समयबद्धता और जवाबदेही सुनिश्चित करें अधिकारी


देहरादून, 05 सितंबर (हि.स.)। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण महानिदेशक डॉ. सुनीता टम्टा ने स्वास्थ्य महानिदेशालय के अधिकारियों और कर्मचारियों को विभागीय कार्यों में समयबद्धता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं।

स्वास्थ्य महानिदेशालय में आयोजित समीक्षा बैठक में विभिन्न अनुभागों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए महानिदेशक ने कहा कि कार्यालय में प्राप्त किसी भी पत्रावली अथवा प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और निर्धारित समय-सीमा में उसका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में अनावश्यक विलंब या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि किसी प्रकरण के निस्तारण में देरी पाए जाने पर संबंधित अनुभाग प्रभारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी और विलंब के कारणों का स्पष्ट उत्तरदायित्व निर्धारित किया जाएगा। संयुक्त निदेशक और सहायक निदेशक स्तर के अधिकारियों को अपने-अपने अनुभागों में लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सूचना का अधिकार (आरटीआई) अनुभाग के कार्यों की भी समीक्षा की गई। महानिदेशक ने आरटीआई से संबंधित सभी प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निस्तारण कर आवेदकों और अपीलकर्ताओं को समय पर सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

डॉ. टम्टा ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित कार्यालय समय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश देते हुए कहा कि अनधिकृत अनुपस्थिति अथवा कार्यालय पहुंचने में विलंब को गंभीरता से लिया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रभावी कार्यालय व्यवस्था के लिए समयपालन, अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही आवश्यक है। जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं होनी चाहिए। बैठक में स्वास्थ्य महानिदेशालय के समस्त अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story