बैकुंठ चतुर्दशी मेले में आस्था और लोक संस्कृति का संगम, 34 गांवों के श्रद्धालु पहुंचे देवलेश्वर महादेव मंदिर

WhatsApp Channel Join Now
बैकुंठ चतुर्दशी मेले में आस्था और लोक संस्कृति का संगम, 34 गांवों के श्रद्धालु पहुंचे देवलेश्वर महादेव मंदिर


-कमलव्यूह नाट्य मंचन ने दर्शकों को किया भाव-विभोर, डीएम स्वाति एस. भदौरिया ने किए दर्शन

पौड़ी गढ़वाल, 22 नवंबर (हि.स.)। गगवाड़स्यूं घाटी के बलोड़ी स्थित सिद्धपीठ देवलेश्वर महादेव मंदिर में बैकुंठ चतुर्दशी के अवसर पर आयोजित मेले में रविवार को आस्था, लोक संस्कृति और पौराणिक परंपराओं का अनूठा संगम देखने को मिला। घाटी के 34 से अधिक गांवों के श्रद्धालुओं के आस्था केंद्र मंदिर में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया और ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी ने भी मंदिर में पूजा-अर्चना कर जनपदवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

वर्ष 2016 में शुरू हुआ यह आयोजन इस बार 11वें वर्ष में प्रवेश कर गया। मेले में स्थानीय लोगों ने पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचकर अतिथियों का स्वागत किया। मंदिर समिति की ओर से जिलाधिकारी समेत अन्य अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किए गए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि किसी क्षेत्र की पहचान उसकी भौगोलिक स्थिति के साथ ही वहां की संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक विरासत से भी बनती है। देवलेश्वर महादेव मंदिर इसका महत्वपूर्ण उदाहरण है। ऐसे मेले पीढ़ियों से चली आ रही परंपराओं को जीवंत रखने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम हैं।

उन्होंने आयोजन के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए कहा कि इससे दूसरे क्षेत्रों के लोग भी यहां की लोक संस्कृति और धार्मिक विरासत से परिचित हो सकेंगे।

जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में हुए विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पिछले वर्ष यहां स्थायी मंच और अन्य सुविधाओं की आवश्यकता महसूस की गई थी। अब इन सुझावों के अनुरूप निर्माण कार्य कराए गए हैं। मंदिर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता को देखते हुए इसे और भव्य स्वरूप देने के प्रयास किए जाएंगे।

मंदिर समिति के सदस्य जगत किशोर बड़थ्वाल ने बताया कि पिछले वर्ष जिलाधिकारी को दिए गए सुझावों के क्रम में मंदिर परिसर में देवपथ, टीनशेड, हॉल, मंच और परिक्रमा पथ का निर्माण कराया गया है। मंदिर के ऊपरी हिस्से में पारंपरिक शिल्प शैली को ध्यान में रखकर कार्य किए गए हैं। साथ ही मंदिर के इतिहास, स्थापत्य और धार्मिक विरासत की जानकारी देने वाले सूचना-पट्ट भी लगाए गए हैं।

मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कृष्णानंद नौटियाल के नेतृत्व में प्रस्तुत 'कमलव्यूह' नाट्य मंचन आकर्षण का केंद्र रहा। महाभारत के पौराणिक प्रसंग पर आधारित इस प्रस्तुति में कलाकारों के प्रभावशाली अभिनय और सजीव चित्रण ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। दर्शकों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में तहसीलदार राजेंद्र सिंह गोस्वामी, ग्राम प्रधान बलोड़ी पूजा देवी, मंदिर समिति अध्यक्ष सेवानिवृत्त सूबेदार राजेंद्र सिंह राणा, मुख्य पुजारी सुधीर बड़थ्वाल समेत अनेक जनप्रतिनिधि, मंदिर समिति के सदस्य और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781520 Articles

Share this story