उत्तराखंड में शारदीय नवरात्र की धूम, मंदिरों में उमड़ रहे श्रद्धालु

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड में शारदीय नवरात्र की धूम, मंदिरों में उमड़ रहे श्रद्धालु


देहरादून, 11 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड में शारदीय नवरात्र का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। रविवार को नवरात्र के प्रथम दिवस पर प्रदेशभर में श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिरों में पूजा-अर्चना के साथ घरों में भी कलश स्थापना कर नौ दिवसीय अनुष्ठान शुरू किए गए। इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को नवरात्र की शुभकामनाएं दीं।

देहरादून में मां डाट काली मंदिर, भवन श्री कालिका माता मंदिर, झंडा बाजार स्थित मां कालिका मंदिर और रायपुर रोड के तपोवन क्षेत्र स्थित मां काली मंदिर में श्रद्धालु पूजा-अर्चना कर रहे हैं। नवरात्र के दौरान श्रद्धालु व्रत रखकर मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की आराधना कर रहे हैं। घरों में दुर्गा सप्तशती के पाठ और भजन-कीर्तन के माध्यम से भी मां की उपासना की जा रही है।

धर्मनगरी हरिद्वार में भी नवरात्र को लेकर धार्मिक उत्साह है। मनसा देवी, चंडी देवी और माया देवी मंदिर में श्रद्धालु पूजा-अर्चना कर मां का आशीर्वाद ले रहे हैं। बिल्व पर्वत पर स्थित मनसा देवी मंदिर और नील पर्वत पर स्थित चंडी देवी मंदिर में मां के दर्शन का विशेष धार्मिक महत्व है। वहीं, प्राचीन माया देवी मंदिर में भी श्रद्धालु पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना कर रहे हैं।

शारदीय नवरात्र के अवसर पर श्रीनगर के निकट अलकनंदा नदी के तट पर स्थित मां धारी देवी मंदिर में श्रद्धालु पूजा-अर्चना कर रहे हैं। नवरात्र के प्रथम दिवस पर श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। सिद्धपीठ धारी देवी मंदिर उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है। नवरात्र के दौरान यहां मां की आराधना का विशेष महत्व माना जाता है। श्रद्धालु मां धारी देवी से परिवार की सुख-शांति और कल्याण की कामना कर रहे हैं।

राज्यपाल ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि शारदीय नवरात्र भारतीय संस्कृति और आस्था का पावन पर्व है, जो शक्ति, भक्ति और संकल्प की महत्ता का स्मरण कराता है। मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना साहस, धैर्य और अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा देती है। यह पर्व महिलाओं के सम्मान, सामाजिक सकारात्मकता और आपसी सद्भाव को सुदृढ़ करने का संदेश भी देता है।

राज्यपाल ने कामना की कि मां दुर्गा की कृपा से प्रदेशवासियों के जीवन में सुख-समृद्धि और खुशहाली आए तथा उत्तराखंड शांति, सद्भाव और प्रगति के नए आयाम स्थापित करे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नवरात्र के प्रथम दिवस पर मुख्यमंत्री आवास में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए सभी को शारदीय नवरात्र की शुभकामनाएं दीं।

शारदीय नवरात्र में नौ दिनों तक मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की पूजा की जाती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, यह पर्व शक्ति की उपासना और बुराई पर अच्छाई तथा अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है।

----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story