मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों और आपदा प्रभावित परिवारों के किराये के लिए दी वित्तीय मंजूरी

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों और आपदा प्रभावित परिवारों के किराये के लिए दी वित्तीय मंजूरी


देहरादून, 17 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में विभिन्न विकास कार्यों और निर्माण योजनाओं के लिए वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इसके साथ ही उत्तरकाशी जिले के नौगांव में अतिवृष्टि और भूस्खलन से प्रभावित पांच परिवारों को छह माह तक किराये के भवन में रहने के लिए 1.20 लाख रुपये की सहायता मंजूर की है।

मुख्यमंत्री धामी ने देहरादून जिले के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या 86, सेवलाकलां स्थित संसारी माता मंदिर के जीर्णोद्धार का शेष कार्य पूरा करने के लिए 49.95 लाख रुपये की स्वीकृति दी है। इसके अलावा पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र के गराली में पुलिया निर्माण के लिए 58.14 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इस कार्य के लिए पहली किश्त के रूप में 34.88 लाख रुपये जारी करने का अनुमोदन भी प्रदान किया गया है।

उन्होंने उत्तरकाशी जिले की नगर पंचायत नौगांव के वार्ड संख्या सात,सौली में अतिवृष्टि और भूस्खलन से प्रभावित पांच परिवारों को सुरक्षा की दृष्टि से अन्यत्र किराये के भवनों में रखने के लिए सहायता स्वीकृत की है। प्रत्येक परिवार को प्रतिमाह चार हजार रुपये की दर से छह माह का किराया दिया जाएगा। इसके लिए कुल 1.20 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।__________

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762755 Articles

Share this story