कुंभ, आपदा और पेयजल योजनाओं के लिए 256 करोड़ की मिली वित्तीय मंजूरी

WhatsApp Channel Join Now
कुंभ, आपदा और पेयजल योजनाओं के लिए 256 करोड़ की मिली वित्तीय मंजूरी


कुंभ, आपदा और पेयजल योजनाओं के लिए 256 करोड़ की मिली वित्तीय मंजूरी


देहरादून, 09 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य की विभिन्न विकास योजनाओं और कुंभ मेला-2027 से जुड़ी परियोजनाओं के लिए कुल 256 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री की ओर से आपदा प्रबंधन, पेयजल योजनाओं, सड़क सुधार और आधारभूत ढांचे के विकास से संबंधित कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

मुख्यमंत्री ने शनिवार को राज्य आपदा मोचन निधि के अंतर्गत 15वें वित्त आयोग की अवशेष धनराशि से प्रत्येक जनपद को राहत एवं बचाव मद में 3 करोड़, पुनर्प्राप्ति एवं पुनर्निर्माण मद में 5 करोड़ और तैयारी एवं क्षमता विकास मद में 2 करोड़, प्रति जनपद 10 करोड़ की दर से कुल 130 करोड़ अवमुक्त किए जाने को मंजूरी दी। इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिलाधिकारियों के लिए आपदा से क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों के पुनर्निर्माण के लिए कुल 26 करोड़ की स्वीकृति भी दी गई।

कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग-58 से औद्योगिक क्षेत्र तक चार लेन मार्ग के नवीनीकरण के लिए 2.72 करोड़, पथुलोक बैराज मार्ग के सुधार कार्य के लिए 2.13 करोड़ और बहादराबाद-रोहाल्की तिराहे से अलीपुर-सुकरासा-पथरी अम्बूवाला मार्ग के नवीनीकरण के लिए 1.36 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने जनपद देहरादून के पित्थूवाला शाखा क्षेत्र में कमला पैलेस और जीएमएस रोड क्षेत्र में नलकूप निर्माण, राइजिंग मेन और वितरण प्रणाली से जुड़े कार्यों के लिए 20.37 करोड़ की मंजूरी प्रदान की है। इसके अलावा एसएएससीआई कार्यक्रम के अंतर्गत रुद्रप्रयाग की तिलवाड़ा नगर पंचायत पेयजल योजना के लिए 39.86 करोड़, चमोली की पीपलकोटी नगर पंचायत पेयजल योजना के लिए 24.38 करोड़ और टिहरी गढ़वाल की हिण्डोलाखाल पम्पिंग पेयजल योजना के लिए 9.73 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुड़की नगर निगम क्षेत्र में सुनहरा मार्ग चौराहे का नाम 'शहीद चौक' रखे जाने के प्रस्ताव को भी अनुमोदन प्रदान किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story