जल्द 211 एकल महिलाओं को स्वरोजगार योजना की धनराशि जारी करने का निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
जल्द 211 एकल महिलाओं को स्वरोजगार योजना की धनराशि जारी करने का निर्देश


देहरादून, 24 जून (हि.स.)। उत्तराखंड की महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि एकल महिला स्वरोजगार योजना के तहत चयनित 211 महिलाओं को जल्द से जल्द धनराशि जारी की जाए। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से समय देने का अनुरोध किया गया है।

बुधवार को यमुना कॉलोनी स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में मंत्री रेखा आर्या ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि योजना के तहत अब तक 484 महिलाओं को प्रथम किस्त की धनराशि जारी की जा चुकी है, जिनमें से अधिकांश महिलाओं ने अपना स्वरोजगार शुरू कर दिया है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए एकल महिला स्वरोजगार योजना के आवेदन आमंत्रित करने के लिए अगस्त तक विज्ञप्ति जारी की जाए। उन्होंने कहा कि चालू वित्तीय वर्ष में 2,000 महिलाओं को इस योजना का लाभ देने का लक्ष्य रखा गया है।

बैठक में आगामी 8 अगस्त को महिला दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने बताया कि इस अवसर पर तीलू रौतेली पुरस्कार तथा आंगनबाड़ी सम्मान पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। दोनों पुरस्कारों के लिए विज्ञप्ति जारी की जा चुकी है और अधिकारियों को चयन प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।

रेखा आर्या ने बताया कि नंदा गौरा योजना के तहत हरिद्वार और उत्तरकाशी जनपद की 4,000 से अधिक बालिकाएं आवश्यक औपचारिकताएं समय पर पूरी न होने के कारण अब तक लाभ से वंचित रह गई थीं। उन्होंने कहा कि इन लाभार्थियों के खातों में 19 करोड़ 22 लाख 78 हजार रुपये की धनराशि गुरुवार को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से भेजी जाएगी।

बैठक में विभागीय सचिव चंद्रेश कुमार, निदेशक बंसीलाल राणा और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story