तमक गांव में आपदा की तबाही के बाद सुरक्षित विस्थापन की मांग

WhatsApp Channel Join Now
तमक गांव में आपदा की तबाही के बाद सुरक्षित विस्थापन की मांग


गोपेश्वर, 12 अगस्त (हि.स.)। चमोली जिले के तमक गांव में आपदा ने भारी तबाही मचाई है। तमक नाले के उफान के साथ आए मलबे से मकानों और कृषि भूमि को नुकसान पहुंचा है। सेब, आड़ू और अखरोट की फसलें भी बर्बाद हो गई हैं। आपदा से सहमे ग्रामीणों ने गांव को तत्काल सुरक्षित स्थान पर विस्थापित करने की मांग की है।

तमक नाले के समीप हुकम सिंह, दरमान सिंह और गब्बर सिंह के मकान आपदा की चपेट में आने से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं। बलवंत सिंह, अजप सिंह, बुद्धि सिंह, शंकर सिंह, पदम सिंह, नंदन सिंह, हुकम सिंह, पार्वती देवी, श्यामा देवी और बिसन सिंह की कृषि भूमि और फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।

क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता लक्ष्मण सिंह बुटोला ने बताया कि आपदा के बाद गांव की संचार सेवाएं भी ठप हो गई हैं। इससे बाहरी क्षेत्रों में संपर्क करने और राहत संबंधी जानकारी हासिल करने में परेशानी हो रही है। उन्होंने प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने तथा गांव के लिए स्थायी और सुरक्षित पुनर्वास की व्यवस्था करने की मांग की है।

आपदा के दौरान बीआरओ का एक जवान भी लापता हुआ है।

उसका अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। लापता जवान की तलाश में एसडीआरएफ की टीम लाता-भलागांव क्षेत्र में लगातार सर्च अभियान चला रही है। दुर्गम परिस्थितियों के बीच जवान खोज एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बुधवार को तमक गांव पहुंचकर प्रभावित क्षेत्र का जायजा लिया और ग्रामीणों से मुलाकात की।

उन्होंने प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने तथा पुनर्वास की दिशा में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। ग्रामीणों का कहना है कि गांव की मौजूदा स्थिति को देखते हुए राहत के साथ-साथ सुरक्षित विस्थापन और पुनर्वास की कार्रवाई तत्काल शुरू किया जाना जरूरी है।

हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल

Share this story