शादियों के लिए गैस सिलेंडर बढ़ाने की उठी मांग

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 08 अप्रैल (हि.स.)। जनपद में उपभोक्ताओं ने विवाह समारोहों के लिए व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की संख्या बढ़ाने की मांग उठाई है। इस संबंध में बुधवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।

गडोली निवासी विनोद दनोशी ने ज्ञापन में कहा कि वर्तमान में एक परिवार को शादी के लिए केवल दो व्यावसायिक गैस सिलेंडर दिए जाते हैं, जो पर्याप्त नहीं हैं। पारंपरिक रूप से तीन से चार दिनों तक चलने वाले विवाह कार्यक्रमों में इतने सीमित सिलेंडरों से व्यवस्था संभालना कठिन हो जाता है।

उन्होंने यह भी कहा कि सिलेंडर प्राप्त करने के लिए 10 रुपये के शपथ पत्र की अनिवार्यता से विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि शपथ पत्र बनवाने की प्रक्रिया सरल नहीं है।

ज्ञापन में गैस रिफिल की समय-सीमा में असमानता का मुद्दा भी उठाया गया। उपभोक्ताओं के अनुसार शहरी क्षेत्रों में जहां 25 दिनों के भीतर सिलेंडर रिफिल हो जाते हैं, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिनों तक इंतजार करना पड़ता है।

उपभोक्ताओं ने जिलाधिकारी से मांग की है कि विवाह समारोहों के लिए कम से कम चार व्यावसायिक गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं, शपथ पत्र की अनिवार्यता को समाप्त या सरल किया जाए तथा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में गैस रिफिल की समय-सीमा समान की जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story