कर्मचारियों ने एनपीएस-यूपीएस पर उठाए सवाल
हरिद्वार, 20 अप्रैल (हि.स.)। पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग को लेकर कर्मचारियों का आंदोलन तेज हो गया है। पुरानी पेंशन बहाली आंदोलन के गढ़वाल मंडल पदाधिकारियों ने 21 अप्रैल को ज्वालापुर पुल जटवाड़ा से जिलाधिकारी कार्यालय रोशनाबाद तक बाइक रैली निकालने का ऐलान किया है।
प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में गढ़वाल मंडल अध्यक्ष विकास कुमार शर्मा ने कहा कि वर्ष 2004 में पुरानी पेंशन योजना समाप्त कर दी गई थी, जिसके बाद न्यू पेंशन स्कीम और वर्ष 2023 में यूनिफाइड पेंशन स्कीम लागू की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि ये दोनों योजनाएं बाजार की अनिश्चितताओं पर आधारित हैं, जिससे कर्मचारियों के हित सुरक्षित नहीं हैं।
जिला अध्यक्ष सुखदेव सैनी ने कहा कि पेंशन कर्मचारियों के लिए बुढ़ापे का सबसे बड़ा सहारा होती है। इसलिए रिटायरमेंट के बाद मिलने वाली पेंशन निश्चित और सुरक्षित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि एनपीएस और यूपीएस में न तो पेंशन की गारंटी है और न ही सामाजिक सुरक्षा की स्थिरता, जिससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है।
प्रांतीय सचिव डॉ. शिवा अग्रवाल ने बताया कि पश्चिम बंगाल, केरल, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान जैसे राज्यों की तर्ज पर उत्तराखंड में भी पुरानी पेंशन योजना बहाल की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के अधिकारों और सुरक्षित भविष्य के लिए 21 अप्रैल को बड़ी संख्या में कर्मचारी बाइक रैली के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

