एलपीजी वितरण व्यवस्था में सुधार की मांग

WhatsApp Channel Join Now
एलपीजी वितरण व्यवस्था में सुधार की मांग


नैनीताल, 02 मई (हि.स.)। जनपद मुख्यालय में एलपीजी यानी घरेलू गैस के वितरण की व्यवस्था में सुधार को लेकर स्थानीय स्तर पर मांग उठी है। भाजपा कार्यकर्ता अरविंद सिंह पडियार ने गैस एजेंसी प्रबंधन को संबोधित करते हुए रोस्टर में वितरण तिथि स्पष्ट रूप से शामिल करने का अनुरोध किया है, ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी से बचाया जा सके।

अपने अनुरोध में उन्होंने कहा कि वर्तमान में उपभोक्ताओं को सिलेंडर लेने के लिए आने पर ही यह जानकारी दी जाती है कि किस तिथि तक के उपभोक्ताओं को गैस दी जाएगी, जिससे लोगों को धूप में लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ता है और समय भी व्यर्थ होता है। यदि रोस्टर में पहले से ही तिथि का उल्लेख किया जाए तो उपभोक्ता उसी अनुसार आएंगे और अनावश्यक भीड़ से बचाव होगा। इसके साथ ही उन्होंने कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति को भी पूर्व व्यवस्था के अनुसार बाजार में उपलब्ध कराने की मांग की है, न कि केवल नारायणनगर से वितरण करने की। उन्होंने कहा कि इससे व्यापारियों को भी सुविधा मिलेगी। गैस वितरण एजेंसी की ओर से इस अनुरोध पर विचार करने का आश्वासन दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story