विवाहिता ने लगाया 35 लाख रुपये और लग्जरी कार की मांग का आरोप, मुकदमा दर्ज
हरिद्वार, 13 जुलाई (हि.स.)। कनखल थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज में 35 लाख रुपये और एक लग्जरी कार की मांग करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट, मानसिक उत्पीड़न किया गया और उसे घर से निकाल दिया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति, सास और ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कनखल के ब्रह्म विहार निवासी निशी गर्ग ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका विवाह नवंबर 2025 में ब्रह्म विहार निवासी शुभम बिंदल से हुआ था। विवाह में उनके परिवार ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार लाखों रुपये खर्च किए व सोने-चांदी के आभूषण, नकदी सहित पर्याप्त दहेज दिया। इसके बावजूद ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं हुआ।
पीड़िता का आरोप है कि कुछ समय बाद पति शुभम बिंदल, सास सुमन बिंदल और ससुर यशपाल बिंदल ने 35 लाख रुपये नकद और एक लग्जरी कार की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की गई और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
महिला के अनुसार, 3 अप्रैल को ससुराल पक्ष ने रकम व कार लेकर आने की बात कहकर उसे घर से निकाल दिया। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत कर आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। कनखल थाना पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर पति, सास और ससुर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एसएसआई अनुज सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

