मेरठ वाली धर्मशाला की रजिस्ट्री निरस्त करने की मांग, तीन दिन का अल्टीमेटम

WhatsApp Channel Join Now
मेरठ वाली धर्मशाला की रजिस्ट्री निरस्त करने की मांग, तीन दिन का अल्टीमेटम


हरिद्वार, 04 नवंबर (हि.स.)। मेरठ वाली धर्मशाला (चंदों देवी ट्रस्ट) की तीन अगस्त को कथित रूप से अवैध तरीके से कराई गई रजिस्ट्री निरस्त करने की मांग को लेकर राष्ट्रीय धर्मशाला सुरक्षा समिति ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। कार्यालय परिसर में प्रदर्शन के दौरान समिति अध्यक्ष महेश गौड़ ने आरोप लगाया कि ताज होटल/प्रसाद हेरिटेज की ओर से धर्मशाला को मेरठ भवन दर्शाकर रजिस्ट्री कराई गई है। उन्होंने कहा कि चार पीढ़ियों से धर्मशाला का प्रबंधन देख रही शोभा शर्मा का उत्पीड़न किया जा रहा है और उन्हें धर्मशाला खाली करने की धमकियां दी जा रही हैं।

समिति महामंत्री विकास तिवारी ने आरोप लगाया कि वर्ष 1995 में धर्मशाला की खरीद-फरोख्त के विवाद के दौरान तत्कालीन प्रबंधक और शोभा शर्मा के पति राम प्रकाश शर्मा (पत्रकार) का अपहरण कर लिया गया था। चार दिन बाद उनका शव धनौरी-कलियर के पास नहर में मिला था।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में भी धर्मशाला में गार्ड बैठाए जाने और वहां ठहरे तीर्थयात्रियों को डराने के आरोप हैं। उनके अनुसार, धर्मशाला का मामला जिला न्यायालय और उच्च न्यायालय में विचाराधीन है, इसके बावजूद प्रबंधक और उनके परिवार को परेशान किया जा रहा है।

समिति कोषाध्यक्ष शिवकुमार शर्मा ने मांग की कि संपत्ति की स्थिति और रजिस्ट्री की जांच कर तीन दिन के भीतर कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर बड़ा धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही शोभा शर्मा और उनके परिवार को सुरक्षा देने की मांग भी की गई।

ज्ञापन देने वालों में संजय त्यागी, विजय भंडारी, योगी गणेश नाथ, रमेश कुमार मिड्ढा, स्वामी गणेश दास और धर्मशाला प्रबंधक शोभा शर्मा शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772373 Articles

Share this story