वीकेंड: मसूरी-ऋषिकेश के लिए बदला ट्रैफिक प्लान

WhatsApp Channel Join Now
वीकेंड: मसूरी-ऋषिकेश के लिए बदला ट्रैफिक प्लान


वीकेंड: मसूरी-ऋषिकेश के लिए बदला ट्रैफिक प्लान


-मसूरी में पार्किंग 90 प्रतिशत भरने पर लागू होगा प्लान-बी,ऋषिकेश में दबाव बढ़ने पर वैकल्पिक मार्गों से भेजे जाएंगे वाहन

देहरादून, 16 अक्टूबर (हि.स.)। वीकेंड पर पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए देहरादून पुलिस ने 17 से 19 अक्टूबर तक मसूरी, चकराता और ऋषिकेश जाने वाले वाहनों के लिए विस्तृत यातायात योजना जारी की है। यातायात का दबाव बढ़ने पर वैकल्पिक मार्गों से वाहनों को भेजा जाएगा। मसूरी में उपलब्ध पार्किंग क्षमता का 90 प्रतिशत भरने पर प्लान-बी लागू होगा। ऋषिकेश में भी यातायात की स्थिति के अनुसार प्लान-ए और प्लान-बी के तहत व्यवस्था संचालित की जाएगी।

शुक्रवार शाम पुलिस की ओर से जारी प्लान के अनुसार,दिल्ली,हरियाणा,गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर,सहारनपुर और रुड़की से मसूरी जाने वाले वाहनों को डाटकाली से ट्रांसपोर्ट नगर, आईएसबीटी,शिमला बाईपास, सेंट ज्यूड चौक, कमला पैलेस,बल्लूपुर, कैंट तिराहा,सप्लाई डिपो, जोहड़ी तिराहा,पुरकुल गांव और कुठालगेट होते हुए मसूरी भेजा जाएगा। जरूरत पड़ने पर ट्रांसपोर्ट नगर से लक्ष्मी धर्मकांटा,सेंट ज्यूड चौक,कमला पैलेस,बल्लूपुर,कैंट चौक, सर्किट हाउस तिराहा,बीजापुर गांव,किमाड़ी और हाथीपांव के रास्ते भी यातायात संचालित किया जाएगा।

चकराता जाने वाले वाहनों को डाटकाली से आरटीओ चेकपोस्ट, ट्रांसपोर्ट नगर, जीएमएस रोड, सेंट ज्यूड चौक,नया गांव,सिंघनीवाला और न्यू देहरादून-पांवटा फ्लाईओवर होते हुए लांघा रोड से भेजा जाएगा। प्रेमनगर से मसूरी जाने वाले वाहनों के लिए बल्लूपुर चौक,कौलागढ़, कैंट तिराहा, सप्लाई डिपो,किमाड़ी,लंबीधार और हाथीपांव का मार्ग निर्धारित किया गया है।

मसूरी में शुरुआत में वाहनों को किंग क्रेग से लाइब्रेरी और पिक्चर पैलेस की ओर सामान्य रूप से संचालित किया जाएगा। उपलब्ध पार्किंग क्षमता का 90 प्रतिशत उपयोग होने पर प्लान-बी लागू होगा। इस दौरान पर्यटकों के वाहन किंग क्रेग पार्किंग में खड़े कराए जाएंगे और वहां से स्थानीय टैक्सियों के माध्यम से उन्हें गंतव्य तक भेजा जाएगा।

किंग क्रेग पार्किंग भरने पर प्लान-सी लागू किया जाएगा। इसके तहत गज्जी बैंड से हाथीपांव रोड होते हुए जीरो प्वाइंट की ओर यातायात डायवर्ट किया जाएगा और निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़े कराए जाएंगे।

हरिद्वार से ऋषिकेश आने वाले वाहनों को सामान्य दबाव की स्थिति में सप्तऋषि, रायवाला, नेपाली फार्म, श्यामपुर चौकी, नटराज चौक, ढालवाला चौकी और भद्रकाली होते हुए बाईपास मार्ग से तपोवन, ब्रह्मपुरी और शिवपुरी की ओर भेजा जाएगा। देहरादून से ऋषिकेश जाने वाले वाहनों के लिए नटराज चौक, ढालवाला, भद्रकाली और बाईपास मार्ग निर्धारित किया गया है।

यातायात का दबाव अधिक होने पर हरिद्वार से आने वाले वाहनों को सप्तऋषि, रायवाला, नेपाली फार्म, लालतप्पड़, भानियावाला, रानीपोखरी और नटराज चौक के रास्ते भेजा जाएगा। अत्यधिक दबाव की स्थिति में भारी वाहनों को नेपाली फार्म से देहरादून की ओर डायवर्ट किया जाएगा। ऋषिकेश में भारी वाहनों को रात में नो-एंट्री खुलने के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा।

वीकेंड समाप्त होने के बाद पर्वतीय क्षेत्रों से लौटने वाले हरिद्वार जाने वाले पर्यटकों के वाहनों को शिवपुरी, ब्रह्मपुरी तिराहा, गरुड़चट्टी और बाईपास मार्ग से पशुलोक बैराज होते हुए चीला मार्ग से हरिद्वार भेजा जाएगा। ऋषिकेश और देहरादून की ओर जाने वाले वाहनों को ब्रह्मपुरी, तपोवन, भद्रकाली, ढालवाला और नटराज चौक के रास्ते भेजा जाएगा।

देहरादून में पैसिफिक मॉल के आसपास यातायात का दबाव बढ़ने पर मसूरी डायवर्जन से दिलाराम जाने वाले वाहनों को इंद्रबाबा मार्ग, कैनाल रोड और ग्रेट वैल्यू तिराहे से भेजा जाएगा। सेंट्रियो मॉल के पास दबाव होने पर एनेक्सी तिराहे से सीएसडी तिराहा और बिंदाल के रास्ते यातायात संचालित किया जाएगा।

सहस्रधारा में भीड़ बढ़ने पर बाजार से बैरियर लगाकर वाहनों को मालदेवता रोड की ओर भेजा जाएगा। गुच्चुपानी तिराहे पर दबाव होने की स्थिति में वाहनों को सप्लाई चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

ऋषिकेश में ट्रांजिट कैंप, भरत इंटर कॉलेज और आईडीपीएल पोस्ट ऑफिस को पार्किंग स्थल के रूप में चिह्नित किया गया है। ढालवाला और आईएसबीटी की पार्किंग भरने पर वाहनों को आईडीपीएल की अस्थायी पार्किंग में खड़ा कर छोटे वाहनों से निर्धारित मार्गों पर भेजा जाएगा।

देहरादून में रेंजर्स ग्राउंड, परेड ग्राउंड, पुराना रोडवेज बस अड्डा, काबुल हाउस, कनक चौक मल्टीलेवल पार्किंग, एमडीडीए पार्किंग, राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स और जनपथ कॉम्प्लेक्स में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

पुलिस ने वाहन चालकों से नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा नहीं करने, अनावश्यक हॉर्न से बचने और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों को क्रेन से हटाया जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। एंबुलेंस, पुलिस और अग्निशमन जैसे आपातकालीन सेवा वाहनों को नहीं रोका जाएगा। यातायात संबंधी ताजा जानकारी के लिए देहरादून पुलिस और यातायात पुलिस के सोशल मीडिया पेज देखने की सलाह दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762210 Articles

Share this story