जंगल से निकला हिरण पहुंचा बाजार

WhatsApp Channel Join Now
जंगल से निकला हिरण पहुंचा बाजार


रामनगर, 24 जुलाई (हि.स.)। कॉर्बेट नगरी रामनगर में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक हिरण जंगल से निकलकर नेशनल हाईवे-309 से होते हुए रानीखेत रोड स्थित मुख्य बाजार तक पहुंच गया। इससे बाजार में कौतूहल और हलचल मच गई। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हिरण को सुरक्षित जंगल पहुंचाया।

इससे पहले बाजार में अचानक आए हिरण को देखकर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कई लोगों ने पहले उसे दूर से गाय समझा, लेकिन जब हिरण करीब आया और उसकी पहचान हुई, तो लोगों ने अपने मोबाइल से उसकी तस्वीरें और वीडियो बनाना शुरू कर दिया। व्यस्त सड़क और बाजार के बीच वन्यजीव को घूमता देखकर लोग उसकी एक झलक पाने के लिए उत्साहित दिखे।

जानकारी तुरंत वन विभाग को दी गई। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सावधानीपूर्वक हिरण को भीड़भाड़ वाले इलाके से दूर किया। वन कर्मियों की तत्परता से हिरण को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित रूप से जंगल की ओर वापस भेज दिया गया।

रामनगर के मुख्य बाजार जैसे व्यस्त आबादी वाले क्षेत्र में दिनदहाड़े वन्यजीव का पहुंचना कई सवाल खड़े करता है। कॉर्बेट क्षेत्र से सटा होने के कारण रामनगर में अक्सर वन्यजीव आबादी वाले इलाकों में आ जाते हैं, लेकिन बाजार और नेशनल हाईवे तक उनका पहुंचना चिंता का विषय है। यह घटना वन्यजीवों के साथ-साथ स्थानीय लोगों की सुरक्षा पर भी खतरा पैदा करती है।

स्थानीय लोगों के अनुसार जंगल और आबादी के बीच बढ़ती आवाजाही के कारण मानव-वन्यजीव संघर्ष का खतरा लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने वन विभाग से संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने और वन्यजीवों की आवाजाही पर नजर रखने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डी तिवारी

Share this story