'सेवा, सुशासन और समर्पण पखवाड़ा' में 64 हजार से अधिक लोगों ने की भागीदारी

WhatsApp Channel Join Now


'सेवा, सुशासन और समर्पण पखवाड़ा' में 64 हजार से अधिक लोगों ने की भागीदारी


देहरादून, 10 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 'जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' अभियान के तहत संचालित 'सेवा, सुशासन और समर्पण पखवाड़ा' के अंतर्गत 4 से 9 जुलाई तक आयोजित 73 जनसेवा शिविरों में 64 हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया। इस दौरान करीब 22 हजार नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया, जबकि अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

शुक्रवार शाम जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, शिविरों में कुल 64 हजार 192 लोगों ने भागीदारी की। विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत 21 हजार 908 लाभार्थियों को प्रत्यक्ष लाभ दिया गया। इस दौरान 5 हजार 567 शिकायतें एवं प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 4 हजार 901 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए भेजा गया है।

शिविरों में आय, जाति, निवास और अन्य प्रमाण-पत्रों से संबंधित 2 हजार 522 आवेदन भी प्राप्त हुए। सरकार का दावा है कि इस अभियान के माध्यम से पर्वतीय, ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों तक सरकारी सेवाओं और योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित हुई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि 'सेवा, सुशासन और समर्पण पखवाड़ा' शासन की कार्यशैली में बदलाव का अभियान है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे जनता को कार्यालयों में बुलाने के बजाय स्वयं गांवों और दूरस्थ क्षेत्रों में जाकर समस्याओं का समाधान करें तथा शिकायतों का प्राथमिक स्तर पर ही निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि इस पहल से सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ है तथा जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के साथ प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास भी मजबूत हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story