ऑपरेशन के बाद प्रसूता की मौत, अस्पताल में आधी रात तक हंगामा

WhatsApp Channel Join Now

हल्द्वानी , 13 नवंबर (हि.स.)। रामपुर रोड सुशीला तिवारी अस्पतालके निकट एक निजी अस्पताल में बृहस्पतिवार देर रात उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब इलाज के दौरान एक प्रसूता की मौत हो गई। महिला की मौत से गुस्साए परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह परिजनों को समझाकर शांत कराया।जानकारी के अनुसार, महिला पिछले कुछ दिनों से अस्पताल में भर्ती थी। बृहस्पतिवार देर रात करीब एक बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप था कि डॉक्टरों ने समुचित जांच किए बिना ही प्रसव के लिए ऑपरेशन कर दिया। इसी लापरवाही के चलते महिला की जान चली गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। इससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हंगामे की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। इसके बाद शुक्रवार तड़के परिजन महिला का शव लेकर घर चले गए। एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि निजी अस्पताल में उपचार के दौरान महिला की मौत होने की जानकारी मिली है। फिलहाल परिजनों की ओर से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है। उन्होंने पोस्टमार्टम कराने से भी इन्कार कर दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776309 Articles

Share this story