संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, जहरीला पदार्थ खाने की आशंका

WhatsApp Channel Join Now

हरिद्वार, 28 सितंबर (हि.स.)। पिरान कलियर के अब्दाल शाह क्षेत्र में हाजिरी के लिए आए 30 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, अंशुल पुत्र शंकर निवासी सीतापुर, उत्तर प्रदेश, वर्तमान में पिरान कलियर के अब्दाल शाह बस्ती क्षेत्र में झुग्गी-झोपड़ी में रह रहा था। बताया गया कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था और अपनी पत्नी के साथ अब्दाल शाह क्षेत्र में हाजिरी के लिए आया हुआ था। इसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में उसने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया।

जहरीला पदार्थ खाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। पत्नी उसे उपचार के लिए एक निजी अस्पताल लेकर पहुंची, उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कोतवाली निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story