रुड़की में दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन युवकों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
रुड़की में दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन युवकों की मौत


हरिद्वार, 25 नवंबर (हि.स.)। रुड़की क्षेत्र में मंगलवार रात दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन युवकों की मौत हो गई,जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। एक ही रात में तीन युवकों की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है।

पुलिस के अनुसार,पहला हादसा कलियर थाना क्षेत्र के रहमतपुर रोड पर हुआ। यहां बाइक सवार दो युवक निर्माणाधीन पुलिया से टकरा गए। हादसे में लंढौरा निवासी अज्जू उर्फ अजय (32) पुत्र ऋषिपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी आकाश (24) पुत्र मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दूसरा हादसा रुड़की के व्यस्त बीटीगंज क्षेत्र में हुआ, जहां दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान रुड़की के रघुनाथ प्लॉट निवासी अर्श (24) पुत्र याकूब और मुजफ्फरनगर जिले के चरथावल थाना क्षेत्र के दधेड़ू खुर्द निवासी मोनू (31) के रूप में हुई है।

एसपी देहात अभय सिंह ने बताया कि दोनों हादसों में तीन युवकों की मौत हुई है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782862 Articles

Share this story