मुंडाखेड़ा कला में कच्ची शराब से 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत

WhatsApp Channel Join Now

हरिद्वार, 06 जून (हि.स.)। लक्सर कोतवाली क्षेत्र के मुंडाखेड़ा कला गांव में कथित तौर पर कच्ची शराब पीने से 50 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मृतक के परिजनों ने मामले में जहरीली शराब देने और हत्या की आशंका जताते हुए जांच की मांग की है।

जानकारी के अनुसार मुंडाखेड़ा कला निवासी मोतीराम (50) की देर रात अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि मोतीराम ने कच्ची शराब का सेवन किया था, जिसके चलते उसकी जान गई।

घटना के बाद गांव में अवैध शराब के कारोबार को लेकर ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पिछले कई महीनों से खुलेआम कच्ची शराब निकाली और बेची जा रही है। इसकी शिकायत कई बार पुलिस और आबकारी विभाग से की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि यह कोई पहला मामला नहीं है। करीब दो माह पहले भी संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यक्ति की मौत हुई थी, जिसे लेकर भी कच्ची शराब की चर्चा हुई थी।

उधर मृतक के भाई सुरेश ने मोतीराम को शराब में जहर मिलाकर देने का आरोप लगाया है। उसने पुलिस को शिकायत देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोष्यारी का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story