स्व. अग्रवाल के योगदान को किया याद
डोईवाला, 25 जुलाई (हि.स.)। स्वर्गीय मांगे राम अग्रवाल की 23वीं पुण्यतिथि के अवसर पर शनिवार को स्वर्गीय हरज्ञान चन्द अग्रवाल सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, डोईवाला में विशिष्ट जन सम्मान समारोह, पौधारोपण एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।
इस दौरान वक्ताओं ने स्वर्गीय मांगे राम अग्रवाल के जीवन, समाज सेवा तथा शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को स्मरण किया। कार्यक्रम के अंतर्गत पौधारोपण भी किया गया, जिसमें अतिथियों और विद्यार्थियों ने भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने स्वर्गीय मांगे राम अग्रवाल के सामाजिक एवं शैक्षणिक योगदान को याद करते हुए कहा कि समाज को ऐसे व्यक्तित्वों से निरंतर प्रेरणा मिलती है।
परमार्थ निकेतन के पीठाधीश्वर स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि स्वर्गीय मांगे राम अग्रवाल का जीवन सेवा, समर्पण और संस्कारों की प्रेरणादायी धरोहर है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से संस्कारों का निर्माण और संस्कारों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण होता है। युवाओं से भारतीय दृष्टि और सनातन मूल्यों को अपनाने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि सनातन स्वयं एक सेतु है, जो व्यक्ति को अपनी जड़ों, संस्कृति और समग्र मानवता से जोड़ता है।
उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर बल देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया और कहा कि पौधारोपण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है।
विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि स्वर्गीय मांगे राम अग्रवाल के आदर्श समाज को नई दिशा प्रदान करते रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान समाज सेवा, शिक्षा, राष्ट्र निर्माण एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय सह प्रचार प्रमुख तपन, कथा व्यास अरविंद, ऋषिकेश के मेयर शंभु पासवान, प्रधानाचार्य महेश गुप्ता सहित अनेक सामाजिक, शैक्षणिक एवं आध्यात्मिक क्षेत्र की हस्तियां उपस्थित रहीं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

