सुरेंद्र कोली की मौत, पोस्टमार्टम में गले की हड्डी में फ्रैक्चर के साक्ष्य
हरिद्वार, 23 सितंबर (हि.स.)। निठारी कांड से चर्चा में आए अल्मोड़ा निवासी सुरेंद्र कोली की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद स्थिति काफी हद तक स्पष्ट हो गई है। डॉक्टरों के पैनल ने रिपोर्ट में मौत का कारण जीवित अवस्था में फांसी लगने से दम घुटना बताया है। रिपोर्ट में गर्दन पर फंदे के दबाव का स्पष्ट निशान मिलने के साथ गले की संरचना में फ्रैक्चर के साक्ष्य भी मिले हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार सुरेंद्र कोली की गर्दन पर स्पष्ट फंदे का निशान मिला है। साथ ही हायॉइड हड्डी और गले की संरचना में फ्रैक्चर के साक्ष्य मिले हैं। आंखों और चेहरे पर छोटे रक्तस्राव के निशान भी पाए गए। नाक और मुंह से खून आने की बात भी रिपोर्ट में दर्ज है।
उधर, पुलिस ने घटना से पहले के 72 घंटे की सीसीटीवी फुटेज खंगाली है। पुलिस के अनुसार फुटेज में किसी संदिग्ध व्यक्ति की मौजूदगी या गतिविधि सामने नहीं आई है। घटना वाली रात करीब आठ बजे सुरेंद्र कोली अपनी दुकान के बाहर अकेले टहलता और चिंतित दिखाई दिया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पुलिस अब आत्महत्या के कारणों की पड़ताल में जुट गई है। इसके लिए कोली के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। उसके अंतिम समय में संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटाने के साथ कई लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
नगर कोतवाल कुंदन सिंह राणा ने बताया कि सुरेंद्र कोली की मौत आत्महत्या से हुई है। आत्महत्या के पीछे क्या वजह रही, इसकी जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

