लक्सर में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, तीन नामजद

WhatsApp Channel Join Now

हरिद्वार, 21 जुलाई (हि.स.)। लक्सर कोतवाली क्षेत्र के रायपुर गांव में खेत से घर लौट रहे एक युवक पर तीन युवकों द्वारा कथित रूप से चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है।

आरोप है कि शराब के नशे में धुत तीनों आरोपितों ने पहले युवक को रास्ते में रोककर गाली-गलौज की और फिर विरोध करने पर पेट में चाकू से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे रुड़की रेफर कर दिया गया। पुलिस ने तीन नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार रायपुर निवासी नसीब खां ने तहरीर देकर बताया कि उनका पुत्र सोनू सोमवार देर शाम करीब छह बजे खेत से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में गांव के ही वाजिद, आरिफ पुत्र असलम तथा सद्दाम पुत्र जाकिर हुसैन मिले, जो शराब के नशे में थे।

आरोप है कि वाजिद और सद्दाम ने उसे पकड़ लिया, जबकि आरिफ ने चाकू से उसके पेट में वार कर दिया। घटना के बाद तीनों मौके से फरार हो गए। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर लक्सर कोतवाली पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story