गंगा में अज्ञात युवक का शव मिलने से मचा हड़कंप, पुलिस पीएम के लिए भेजा

WhatsApp Channel Join Now
गंगा में अज्ञात युवक का शव मिलने से मचा हड़कंप, पुलिस पीएम के लिए भेजा


हरिद्वार, 16 जून (हि.स.)। थाना पथरी क्षेत्र के बिशनपुर गांव के समीप गंगा नदी में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।

जानकारी के अनुसार मंगलवार को ग्रामीणों ने गंगा नदी में एक युवक का शव बहकर आने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही फेरूपुर चौकी प्रभारी विपीन कुमार,कांस्टेबल अनिल पवार गंभीर सिंह दौलत राम जयपाल सहित एसडीआरएफ टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नदी से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया।

मृतक की उम्र करीब 20 वर्ष बताई जा रही है, लेकिन उसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि सोमवती अमावस्या के अवसर पर गंगा स्नान के दौरान युवक गहरे पानी में डूब गया होगा और उसका शव बहकर बिशनपुर क्षेत्र तक पहुंच गया। हालांकि युवक की मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

फेरूपुर चौकी प्रभारी विपीन कुमार ने बताया कि शव की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के थानों और जनपदों को भी सूचना भेजी जा रही है। फिलहाल शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है।

पुलिस युवक की शिनाख्त में जुटी हुई है और मामले की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story