दयारा बुग्याल में 17 अगस्त को होगा बटर फेस्टिवल, तैयारियां तेज
उत्तरकाशी, 26 जुलाई (हि.स.)। उत्तरकाशी के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल दयारा बुग्याल में इस वर्ष 17 अगस्त को पारंपरिक बटर फेस्टिवल (अंढूड़ी उत्सव) का आयोजन किया जाएगा। उत्सव के दौरान दूध, मक्खन और मट्ठे की अनूठी होली खेली जाएगी। आयोजन को लेकर दयारा पर्यटन उत्सव समिति और स्थानीय ग्रामीणों ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
समुद्र तल से लगभग 11 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित और करीब 28 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैले दयारा बुग्याल में रैथल गांव के ग्रामीण सदियों से भाद्रपद संक्रांति के अवसर पर इस पारंपरिक उत्सव का आयोजन करते आ रहे हैं। पिछले वर्ष धराली आपदा के कारण उत्सव को भव्य रूप से आयोजित नहीं किया जा सका था और केवल परंपरा का सांकेतिक निर्वहन किया गया था।
दयारा पर्यटन उत्सव समिति के अध्यक्ष मनोज राणा ने बताया कि 16 अगस्त को सोमेश्वर देवता की अगुवाई में रैथल गांव से श्रद्धालु और ग्रामीण दयारा बुग्याल के लिए प्रस्थान करेंगे। रात्रि विश्राम के बाद 17 अगस्त को विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अंढूड़ी उत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों के साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटक भी दूध, मक्खन और मट्ठे की होली में शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि 17 अगस्त की शाम रैथल गांव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों और लोक गायकों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
समिति का कहना है कि इस वर्ष उत्सव को अधिक भव्य और आकर्षक बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं, ताकि स्थानीय संस्कृति और परंपरा से अधिक से अधिक पर्यटक रूबरू हो सकें।
---
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

