उत्तराखंड में दर्शन लाल डोभाल और पूर्व आईजी अनंतराम चौहान कांग्रेस में शामिल

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड में दर्शन लाल डोभाल और पूर्व आईजी अनंतराम चौहान कांग्रेस में शामिल


देहरादून, 14 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। बुधवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा प्रत्याशी दर्शन लाल डोभाल, सेवानिवृत्त पुलिस महानिरीक्षक अनंतराम चौहान समेत कई नेताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत की मौजूदगी में नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत किया गया। कांग्रेस ने इसे पार्टी की नीतियों और नेतृत्व के प्रति बढ़ते विश्वास का संकेत बताया।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, पलायन और कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं के कारण प्रदेश की जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास के नाम पर घोषणाएं कर रही है, लेकिन आम लोगों की समस्याओं का अपेक्षित समाधान नहीं हो रहा है। गोदियाल ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को सत्ता से हटाकर कांग्रेस को मौका देगी।

वहीं, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी लोकतंत्र, संविधान और आम जनता के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को उठा रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी में शामिल हुए नए नेताओं के अनुभव का उपयोग संगठन को मजबूत करने में किया जाएगा। उनके मुताबिक, नए सदस्यों के जुड़ने से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को मजबूती मिलेगी।

चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बेरोजगारी, महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और पलायन जैसी समस्याओं पर प्रभावी कदम उठाने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव में एकजुट होकर मैदान में उतरेगी।

कांग्रेस में शामिल होने वालों में चकराता विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी दर्शन लाल डोभाल, सेवानिवृत्त आईजी अनंतराम चौहान, कैप्टन ताजवर सिंह नेगी, कैप्टन नारायण सिंह रावत, कैप्टन गंगा सिंह, कैप्टन हीरा बल्लभ पांडे, कैप्टन सोबन सिंह, जितेंद्र सिंह और शशांक भट्ट शामिल हैं।

कार्यक्रम में विधायक लखपत सिंह बुटोला, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा, महामंत्री अभिषेक सिंह, राजेंद्र शाह, नवीन जोशी, विनोद चौहान, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, प्रदेश सचिव अमेन्द्र बिष्ट, अखिलेश उनियाल, प्रशांत खंडूरी और नरेशानंद नौटियाल सहित अन्य नेता मौजूद रहे।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760503 Articles

Share this story