दारमा पर्वत पर कुमाऊं स्काउट्स का पर्वतारोहण अभियान संपन्न
-चिकित्सा शिविर लगाकर ग्रामीणों को दी स्वास्थ्य सेवाएं, पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया
पिथौरागढ़/धारचूला, 10 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय सेना की कुमाऊं स्काउट्स ने पंचाचूली क्षेत्र में स्थित 5,585 मीटर ऊंचे दारमा पर्वत पर पर्वतारोहण अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया। अभियान के दौरान जवानों ने दुर्गम हिमालयी क्षेत्र में पर्वतारोहण कौशल का प्रदर्शन करने के साथ सीमांत गांवों में चिकित्सा शिविर आयोजित कर स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं।
अभियान के तहत जवानों ने वृक्षारोपण भी किया और स्थानीय समुदायों को हिमालय के संवेदनशील पारिस्थितिकी तंत्र, जैव विविधता और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और चुनौतीपूर्ण पर्वतीय मार्गों के बीच संचालित इस अभियान का उद्देश्य पर्वतारोहण गतिविधियों के साथ सीमांत क्षेत्रों के लोगों से संपर्क मजबूत करना और उनके कल्याण में योगदान देना भी रहा।
कुमाऊं स्काउट्स की इस पहल के माध्यम से सेना की सीमाओं की सुरक्षा के साथ स्थानीय समुदायों के सहयोग और हिमालयी पर्यावरण के संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष दरियाल

