ट्रक यूनियन विवाद ने पकड़ा तूल, ट्रक स्वामी ने जताया जान का खतरा

WhatsApp Channel Join Now
ट्रक यूनियन विवाद ने पकड़ा तूल, ट्रक स्वामी ने जताया जान का खतरा


हरिद्वार, 11 सितंबर (हि.स.)। लक्सर ट्रक यूनियन और ट्रक स्वामी के बीच चल रहा विवाद अब लगातार गहराता जा रहा है। ट्रक स्वामी आर्वत सिंघल ने ट्रक यूनियन के कुछ पदाधिकारियों पर बाहरी राज्यों से लक्सर आने वाले ट्रकों से रसीद के नाम पर कथित अवैध वसूली करने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर ट्रक स्वामी ने प्रेसवार्ता कर अपनी और अपने वाहनों की सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंका जताई।

ट्रक स्वामी आर्वत सिंघल का आरोप है कि बाहरी राज्यों से लक्सर आने वाले ट्रकों से रसीद के नाम पर कथित तौर पर अवैध वसूली की जा रही थी। उन्होंने इस संबंध में लक्सर कोतवाली में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। ट्रक स्वामी का कहना है कि शिकायत के बाद ट्रक यूनियन के कुछ पदाधिकारियों की ओर से उनके खिलाफ भी गाली-गलौज और मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया गया। उनका आरोप है कि विवाद के चलते उन्हें लगातार दबाव में लाने का प्रयास किया जा रहा है।

आर्वत के मुताबिक, उनके ट्रकों को यूनियन से हटाए जाने के बाद उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं। उन्होंने आशंका जताई कि उनके साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम दिया जा सकता है। ट्रक स्वामी ने यह भी दावा किया कि इससे पहले भी उनके साथ मारपीट की घटना हो चुकी है और अब कुछ लोग कथित तौर पर उनके पीछे पड़े हुए हैं। प्रेसवार्ता के दौरान आर्वत ने पुलिस-प्रशासन से अपनी और अपने वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसके लिए जिम्मेदार लोगों की जांच कर कार्रवाई की जानी चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story