जन्माष्टमी पर किशन महिपाल व मंजू नौटियाल के गीतों पर थिरके
नई टिहरी, 05 सितंबर (हि.स.)। जन्माष्टमी का पर्व जिलेभर में धूमधाम से मनाया गया। विभिन्न स्थानों पर श्रीकृष्ण, राधा की झांकियां निकाली गई। पुलिस लाइन चंबा में प्रसिद्ध लोक गायक किशन महिपाल और मंजू नौटियाल की जुगलबंदी पर दर्शक देर रात तक भजन और गीतों पर थिरकते दिखे।
शुक्रवार शाम को पुलिस चंबा में जन्माष्टमी पर्व पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। विधायक किशोर उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण, ब्लॉक प्रमुख सुमन सजवाण ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि श्री कृष्ण की शिक्षा जीवन में उतारें। एसएसपी श्वेता और उनके पति एसपी अभिसूचना मुख्यालय मणिकांत मिश्रा सहित परिजनों ने परिसर में स्थापित लड्डू गोपाल की विधिवत पूजा-अर्चना की।
श्रीकृष्ण के झूले को झुलाकर जन्मोत्सव की परंपरा निभाई। इस दौरान आकर्षक झांकियों ने मन मोहा। किशन महिपाल ने भगवान श्री कृष्ण की गाथा, बदरी विशाल सहित घुघूती, रानीखेत राम ढोला और मंजू नौटियाल ने हे गंगू रमोला, सूरतू मामा, दिल्ली से मनाली सहित कई दिलकश प्रस्तुतियों से दर्शकों को नृत्य करने पर मजबूर किया। इधर, नई टिहरी के नागराजा मंदिर एफ ब्लॉक में लोक गायक रवि गुसाईं, संगीता बिजल्वाण, ज्योति डोभाल, राजेंद्र जोशी ने भजन संध्या से जन्माष्टमी कार्यक्रम को यादगार बनाया। माता सुरकंडा, शिव भोले, सेम-नागराजा की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रही। वहीं, प्रतापनगर के आबकी गांव में जन्माष्टमी पर सांस्कृतिक आयोजन में जमकर भीड़ उमड़ी, भाजपा के वरिष्ठ नेता व सीए राजेश्वर पैन्यूली ने श्री कृष्ण के सिद्धांतों पर आगे चलने का आह्वान किया।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

