साइकिल के पहियों पर 191 देशों का सफर, दो करोड़ लोगों तक पहुंचाया एचआईवी-एड्स जागरूकता का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
साइकिल के पहियों पर 191 देशों का सफर, दो करोड़ लोगों तक पहुंचाया एचआईवी-एड्स जागरूकता का संदेश


देहरादून, 23 सितंबर (हि.स.)। विश्व के अलग-अलग देशों में साइकिल से घूमकर एचआईवी-एड्स के प्रति जागरूकता फैलाने वाले सोमेन देवनाथ का सफर अब भारत के राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों तक पहुंच गया है। 19 वर्षों से जारी उनकी यह यात्रा महज साइकिलिंग नहीं, बल्कि स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश लोगों तक पहुंचाने का अभियान भी है।

बुधवार को सोमेन देवनाथ ने पुलिस कार्यालय देहरादून में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) परमेंद्र सिंह डोभाल ने भेंट की। इस दौरान उन्होंने अपने अभियान और अब तक की यात्रा के बारे में जानकारी दी। एसएसपी ने साइकिल के माध्यम से विभिन्न देशों में जागरूकता फैलाने के उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने देहरादून प्रवास के दौरान उन्हें हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया। सोमेन देवनाथ ने 27 मई 2004 को एचआईवी-एड्स के प्रति वैश्विक जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से साइकिल यात्रा शुरू की थी।

पुलिस के अनुसार, अब तक वह सात महाद्वीपों के 191 देशों में दो लाख किलोमीटर से अधिक की दूरी तय कर चुके हैं। यात्रा के दौरान उन्होंने विभिन्न देशों के लोगों के बीच एचआईवी-एड्स से जुड़ी जानकारी साझा की और करीब दो करोड़ लोगों तक जागरूकता का संदेश पहुंचाने का दावा किया है। अब उन्होंने अपने अभियान को देश के भीतर आगे बढ़ाया है। “रीयूनियन भारत, वन ट्री” नाम से चल रहे अभियान के तहत वह 27 मई 2026 से 27 मई 2027 तक भारत के 28 राज्यों और पांच केंद्रशासित प्रदेशों की यात्रा कर रहे हैं। इसी अभियान के तहत इन दिनों उनका उत्तराखंड प्रवास चल रहा है।

19 वर्षों में हजारों किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद उनका मौजूदा अभियान भारत के अलग-अलग हिस्सों में जागरूकता का संदेश पहुंचाने पर केंद्रित है।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story