साइबर अपराधों से बचाव के लिए दून पुलिस ने प्रशिक्षुओं को किया जागरूक

WhatsApp Channel Join Now
साइबर अपराधों से बचाव के लिए दून पुलिस ने प्रशिक्षुओं को किया जागरूक


देहरादून, 14 सितंबर (हि.स.)। साइबर अपराधों से बचाव और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से दून पुलिस की ओर से चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को राज्य लोक सेवा आयोग के प्रशिक्षणाधीन प्रशिक्षुओं को साइबर सुरक्षा के संबंध में जानकारी दी गई।

साइबर सेल देहरादून की टीम ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय वित्तीय प्रशासन, प्रशिक्षण एवं शोध संस्थान, सुद्धोवाला, प्रेमनगर में आयोजित कार्यक्रम में प्रशिक्षुओं को विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों और उनसे बचाव के उपाय बताए। इस दौरान बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी, ओटीपी, एटीएम पिन और क्यूआर कोड किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई।

पुलिस टीम ने सोशल मीडिया के इस्तेमाल के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी देते हुए कहा कि साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाने, साइबर सेल अथवा साइबर हेल्पलाइन पर इसकी सूचना दें। कार्यक्रम में प्रशिक्षुओं ने साइबर अपराधों से जुड़े सवाल पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने जवाब देकर उनकी शंकाओं का समाधान किया। प्रशिक्षुओं ने साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में दी गई जानकारी और दून पुलिस के जागरूकता प्रयासों की सराहना की।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Share this story