एसटीएफ की त्वरित कार्रवाई: साइबर ठगी के शिकार पीड़ित को वापस दिलाए 25.40 लाख रुपये

WhatsApp Channel Join Now
एसटीएफ की त्वरित कार्रवाई: साइबर ठगी के शिकार पीड़ित को वापस दिलाए 25.40 लाख रुपये


देहरादून, 12 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने निवेश (इन्वेस्टमेंट) ट्रेडिंग के नाम पर साइबर ठगी का शिकार हुए एक पीड़ित को त्वरित कार्रवाई करते हुए 25.40 लाख रुपये वापस दिलाए हैं। एसटीएफ ने कहा कि साइबर अपराधों की शिकायतों पर लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

एसटीएफ के अनुसार, पीड़ित से ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट ट्रेडिंग के नाम पर धोखाधड़ी की गई थी। शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित माध्यमों से समन्वय स्थापित किया और पीड़ित की 25.40 लाख रुपये की राशि वापस कराई। इस कार्रवाई में साइबर थाना के निरीक्षक शरद चौधरी, हेड कांस्टेबल हेम चंद्र मठपाल और कांस्टेबल मोहम्मद उस्मान की टीम शामिल रही।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ अजय सिंह ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें तथा ओटीपी, बैंक खाते का विवरण, सीवीवी और पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें। साथ ही धनराशि दोगुनी करने, फर्जी निवेश योजनाओं, फर्जी वेबसाइटों अथवा अन्य लुभावने ऑनलाइन प्रस्तावों के झांसे में न आने की सलाह दी है।

एसटीएफ ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो वह तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करे या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराए, ताकि समय रहते कार्रवाई कर धनराशि बचाई जा सके।

---

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story