शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर महिला से 1.16 लाख की साइबर ठगी
गदरपुर (ऊधमसिंह नगर), 17 जुलाई (हि.स.)। शेयर मार्केट में निवेश पर अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर गदरपुर की एक महिला से 1.16 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम सूरजपुर नंबर-1 भैंसिया निवासी जसजीत कौर पत्नी गुरप्रीत सिंह ने कोतवाली गदरपुर में दी तहरीर में बताया कि वह शेयर मार्केट से जुड़ा कार्य करती हैं। दो फरवरी 2026 को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया, जिसने खुद को डायनेमिक कैपिटल कंपनी का कर्मचारी बताते हुए शेयर ट्रेडिंग में निवेश पर बेहतर मुनाफा दिलाने का भरोसा दिलाया।
आरोप है कि आरोपी ने विश्वास में लेकर पीड़िता से आईसीआईसीआई बैंक खाते से गूगल पे के माध्यम से अलग-अलग किश्तों में कुल एक लाख 16 हजार 500 रुपये अपने बताए खाते में ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद आरोपी ने अपने सभी मोबाइल नंबर बंद कर दिए, जिससे पीड़िता को ठगी का पता चला।
पीड़िता की शिकायत पर गदरपुर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ साइबर धोखाधड़ी से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस बैंक खातों के लेनदेन और इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों की जांच कर आरोपी की पहचान करने में जुटी है।
हिन्दुस्थान समाचार / डी तिवारी

