रिचार्ज फेल होने पर यू-ट्यूब से लिया कस्टमर केयर नंबर, खाते से उड़ गए 99 हजार
हरिद्वार, 25 जुलाई (हि.स.)। मोबाइल रिचार्ज सफल नहीं होने पर यू-ट्यूब से कस्टमर केयर नंबर लेना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। साइबर ठगों ने फर्जी कस्टमर केयर बनकर उसके बैंक खाते से 99 हजार रुपए की ठगी कर ली। हालांकि साइबर सेल की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित के 95 हजार 4 सौ84 वापस दिला दिए गए।
पुलिस कप्तान के मीडिया सैल से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित ने गूगल-पे के माध्यम से मोबाइल रिचार्ज किया था। बैंक खाते से राशि कट गई, लेकिन रिचार्ज नहीं हुआ। पैसे वापस पाने के लिए उसने यू-ट्यूब पर एक वीडियो देखकर कथित टोल-फ्री कस्टमर केयर नंबर पर कॉल किया। बातचीत के दौरान ठगों ने एक लिंक भेजा, जिस पर क्लिक करते ही उसके बैंक खाते से 99 हजार रुपए निकल गए।
घटना के अगले ही दिन पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही हरिद्वार साइबर सेल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 95 हजार 4 सौ 84 रुपए की राशि वापस दिला दी।
साइबर सेल ने अपील की है कि
कस्टमर केयर नंबर हमेशा संबंधित कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या ऐप से ही प्राप्त करें।
किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

