प्रधानमंत्री की आधारशिला वाली 40 परियोजनाओं को समयबद्ध पूरा करें: मुख्य सचिव

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री की आधारशिला वाली 40 परियोजनाओं को समयबद्ध पूरा करें: मुख्य सचिव


देहरादून, 30 जून (हि.स.)। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र्र मोदी की ओर से शिलान्यास की गई 40 गतिमान परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा है कि सभी विभाग नियमित समीक्षा कर प्रगति रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें।

मंगलवार को सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव ने सभी परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित सचिवों से कहा कि परियोजनाओं के अद्यतन विवरण में कार्य पूर्ण होने की संभावित तिथि का भी उल्लेख किया जाए तथा वर्ष के अंत तक पूरी होने वाली परियोजनाओं की मानसून के दौरान लगातार निगरानी रखी जाए।

उन्होंने पर्यटन विभाग को महासू देवता हनोल में समग्र आधारभूत ढांचे के विकास तथा जागेश्वर धाम से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही शहरी विकास विभाग को देहरादून की जलापूर्ति, सीवरेज और जल निकासी प्रणाली के विकास कार्यों में तेजी लाने को कहा।

मुख्य सचिव ने ऊर्जा विभाग को लखवाड़ बहुद्देशीय परियोजना (300 मेगावाट), 220 केवी बनबसा सबस्टेशन, 400 केवी पिपलकोटी स्विचिंग सबस्टेशन और 220 केवी घनसाली सबस्टेशन सहित विभिन्न विद्युत परियोजनाओं के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने वन स्वीकृति और भूमि हस्तांतरण से जुड़े मामलों की नियमित पैरवी करने पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं का कार्य अंतिम चरण में है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए। इनमें 13 जिलों की 73 पेयजल आपूर्ति योजनाएं, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 133 सड़कें, 151 पुल और नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत ऊधमसिंह नगर में नदी पुनर्जीवन परियोजना शामिल हैं।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर.के.सुधांशु,एल.फैनाई,आर.मीनाक्षी सुन्दरम,सचिव शैलेश बगौली, दिलीप जावलकर,डॉ.बी.वी.आर.सी.पुरूषोत्तम,रविनाथ रमन,डॉ.रंजीत कुमार सिन्हा, डॉ.आर. राजेश कुमार,डॉ.सुरेन्द्र नारायण पाण्डेय,सी.रविशंकर,युगल किशोर पंत,रणवीर सिंह चौहान एवं राजेन्द्र कुमार सहित सम्बन्धित विभागों के विभागाध्यक्ष उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story