उत्तराखंड में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान की स्थापना का प्रस्ताव, मुख्य सचिव ने आयुष मंत्रालय के समक्ष रखा पक्ष

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान की स्थापना का प्रस्ताव, मुख्य सचिव ने आयुष मंत्रालय के समक्ष रखा पक्ष


देहरादून, 02 अगस्त (हि.स.)। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने नई दिल्ली में आज आयुष मंत्रालय के सचिव से शिष्टाचार भेंट कर ऊधम सिंह नगर में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद-एआईआईए) की स्थापना के प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से की गई तैयारियों और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी देते हुए उत्तराखण्ड के प्रस्ताव पर सकारात्मक निर्णय लेने का अनुरोध किया।

बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि उत्तराखण्ड आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा की समृद्ध परंपरा वाला राज्य है। ऋषिकेश विश्व की योग राजधानी के रूप में स्थापित है और राज्य में आयुर्वेद चिकित्सा, शिक्षा एवं अनुसंधान के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने ऊधम सिंह नगर में संस्थान की स्थापना के लिए सभी निर्धारित मानकों के अनुरूप विवादरहित एवं उपयुक्त भूमि चिन्हित कर भारत सरकार को प्रस्ताव भेज दिया है।

मुख्य सचिव ने बताया कि प्रस्तावित स्थल राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संपर्क सुविधाओं से सुसज्जित है। इसके अतिरिक्त, निकट भविष्य में विकसित होने वाले एम्स सैटेलाइट सेंटर के समीप स्थित होने के कारण यह क्षेत्र समेकित चिकित्सा (इंटीग्रेटिव मेडिसिन) के उत्कृष्ट केंद्र के रूप में विकसित होने की व्यापक संभावनाएं रखता है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए भूमि के साथ सड़क, विद्युत, पेयजल, ड्रेनेज सहित सभी आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने आयुष मंत्रालय से उत्तराखण्ड के प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करते हुए शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया।

मुख्य सचिव ने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तराखण्ड में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान की स्थापना से आयुर्वेद शिक्षा, अनुसंधान, उपचार, स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा पर्यटन को नई गति मिलेगी। साथ ही, राज्य समेकित स्वास्थ्य सेवाओं और आयुष आधारित चिकित्सा के राष्ट्रीय केंद्र के रूप में अपनी पहचान को और अधिक सुदृढ़ करेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story