बैरागी कैंप में आबादी के बीच घुसा छह फीट लंबा मगरमच्छ, बस के नीचे छिपकर बैठा

WhatsApp Channel Join Now
बैरागी कैंप में आबादी के बीच घुसा छह फीट लंबा मगरमच्छ, बस के नीचे छिपकर बैठा


हरिद्वार, 23 अगस्त (हि.स.)। बैरागी कैंप क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक विशालकाय मगरमच्छ आबादी के बीच पहुंच गया। करीब छह फीट लंबे मगरमच्छ को सड़क पर खड़ी एक बस के नीचे बैठे देखकर आसपास मौजूद लोगों के होश उड़ गए। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र में मौजूद लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की हिदायत दी। इसके बाद वनकर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर मगरमच्छ को बस के नीचे से सुरक्षित बाहर निकाला और उसका रेस्क्यू किया।

वन विभाग की टीम मगरमच्छ को सुरक्षित स्थान पर ले गई, जहां से उसे गंगा नदी में सुरक्षित छोड़ दिया गया। मगरमच्छ के रेस्क्यू के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। आबादी वाले क्षेत्र में मगरमच्छ के पहुंचने से कुछ देर तक लोगों में दहशत का माहौल बना रहा। वन विभाग की टीम ने लोगों से अपील की कि नदी या जलाशयों के आसपास इस तरह के वन्यजीव दिखाई देने पर उनके करीब न जाएं और तत्काल वन विभाग को सूचना दें।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story