बरसात शुरू होते ही आबादी में पहुंचने लगे वन्यजीव, बाकरपुर के घर में घुसा मगरमच्छ

WhatsApp Channel Join Now
बरसात शुरू होते ही आबादी में पहुंचने लगे वन्यजीव, बाकरपुर के घर में घुसा मगरमच्छ


हरिद्वार, 4 जुलाई (हि.स.)। मानसून की शुरुआत के साथ लक्सर क्षेत्र में वन्यजीवों की गतिविधियां बढ़ने लगी हैं। देर रात ग्राम बाकरपुर में एक मगरमच्छ के घर में घुस आने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मगरमच्छ का सुरक्षित रेस्क्यू किया और उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात ग्राम बाकरपुर निवासी फूल सिंह के घर में समीप स्थित तालाब से निकलकर एक छोटा मगरमच्छ घुस आया। घर के भीतर मगरमच्छ को देखकर परिवार के लोग घबरा गए और आसपास के ग्रामीण भी मौके पर एकत्र हो गए। इसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई।

वन क्षेत्राधिकारी महेंद्र गिरी के निर्देशन में वनकर्मी सुमित सैनी, गुरजंट और भोपाल की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाकर मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया और बाद में उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया।

वन क्षेत्राधिकारी महेंद्र गिरी ने बताया कि बरसात के मौसम में नदियों, तालाबों और अन्य जल स्रोतों का जलस्तर बढ़ने से मगरमच्छ सहित अन्य वन्यजीव भोजन और सुरक्षित स्थान की तलाश में आबादी वाले क्षेत्रों की ओर पहुंच जाते हैं।

उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर घबराएं नहीं और न ही उसे पकड़ने या छेड़ने का प्रयास करें। ऐसी स्थिति में तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि प्रशिक्षित टीम सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर सके।

वन विभाग ने क्षेत्रवासियों से बरसात के दौरान तालाबों, नहरों और नदी किनारे विशेष सतर्कता बरतने तथा बच्चों को ऐसे स्थानों पर अकेले नहीं जाने देने की अपील की है। विभाग का कहना है कि समय पर सूचना मिलने से वन्यजीवों और लोगों, दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story